पुसौर पुलिस ने उड़ीसा से लाई गई अवैध धान की खेप पकड़ी, 65 बोरी सहित पिकअप जब्त

पुसौर थाना पुलिस ने रविवार 23 नवंबर 2025 की शाम बड़ी कार्रवाई करते हुए उड़ीसा से अवैध रूप से लाई जा रही धान की खेप जब्त की है। थाना प्रभारी निरीक्षक रामकिंकर यादव के नेतृत्व में पुलिस टीम नियमित पेट्रोलिंग पर थी, तभी ग्राम नावापारा चौक के पास उड़ीसा रोड से आती पिकअप (ओडी 23 जी 2451) को संदेह के आधार पर रोका गया।
जांच में वाहन में 65 बोरी धान लोड होने का पता चला। पूछताछ में चालक सुमतो डहरिया (28 वर्ष), निवासी देहरीडीपा थाना रेंगाली, जिला झारसुगुड़ा (उड़ीसा) ने स्वीकार किया कि धान उड़ीसा का है और उसे छत्तीसगढ़ के कृषि उपज मंडी में बेचने के उद्देश्य से लाया जा रहा था।
पुलिस द्वारा नोटिस देकर संबंधित दस्तावेज प्रस्तुत करने का निर्देश दिया गया, लेकिन चालक कोई भी वैध दस्तावेज नहीं दिखा सका। दस्तावेज न होने और अवैध परिवहन की पुष्टि होने पर पुलिस ने धारा 106 बीएनएसएस के तहत पिकअप वाहन और 65 कट्टा धान जब्त कर कार्रवाई की जानकारी मंडी अधिकारी को भेजी।
कार्रवाई में थाना प्रभारी रामकिंकर यादव के साथ प्रधान आरक्षक योगेश उपाध्याय और अन्य स्टाफ शामिल रहे।












