बीएसएनएल टावर से जनरेटर चोरी का खुलासा: तीन आरोपी गिरफ्तार, 6.44 लाख का सामान बरामद

रायगढ़ । पूंजीपथरा पुलिस ने बीएसएनएल टावर से चोरी हुए जनरेटर मामले का पर्दाफाश करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से जनरेटर, मोटरसाइकिल, पिकअप वाहन और चोरी में प्रयुक्त हाइड्रा समेत कुल 6 लाख 44 हजार 400 रुपये का सामान बरामद किया है। फरार आरोपी अमित की तलाश जारी है।
शिकायत के बाद सक्रिय हुई पुलिस
15 नवंबर को बीएसएनएल घरघोड़ा में पदस्थ कनिष्ठ दूरसंचार अधिकारी मुकेश कुमार सिदार ने शिकायत दर्ज कराई थी कि जिंदल इंडस्ट्रियल पार्क स्थित बीएसएनएल टावर से 12 नवंबर को वर्ष 2006 में स्थापित इंजन अल्टरनेटर सेट (जनरेटर) चोरी हो गया। शिकायत के आधार पर थाना पूंजीपथरा में अपराध दर्ज किया गया।
सीसीटीवी से मिली बड़ी सुराग
थाना प्रभारी राकेश मिश्रा के नेतृत्व में टीम ने घटनास्थल की जांच की और सीसीटीवी फुटेज खंगाले, जिसमें एक संदिग्ध पिकअप वाहन दिखाई दिया। वाहन मालिक की पहचान होते ही पुलिस ने चालक पनबुडी कुजूर को हिरासत में लिया। पूछताछ में उसने दुर्योधन उरांव, कालीचरण निषाद और अमित के नाम बताए।
इस तरह पकड़े गए शातिर चोर
पुलिस ने ग्राम कलमा में दबिश देकर दुर्योधन उरांव और कालीचरण निषाद को गिरफ्तार किया। दोनों ने जनरेटर चोरी की वारदात कबूल कर ली।
दुर्योधन ने बताया कि उसने टॉवर के पास जनरेटर देख कर चोरी की योजना बनाई थी। 12 नवंबर को वह कालीचरण के साथ मोटरसाइकिल पर रायगढ़ आया और अमित से मिला। इसके बाद ढिमरापुर से पिकअप चालक पनबुडी को साथ लिया गया। गिरोह ने हाइड्रा वाहन किराए पर लेकर जनरेटर को उठाया और पिकअप में लोड कर ले गए।
जप्त सामान
- डीजी जनरेटर इंजन – ₹1,74,400
- मोटरसाइकिल (सीजी 11 बी.ई. 9508) – ₹70,000
- पिकअप वाहन (सीजी 13 एज़ेड 2008) – ₹4,00,000
- पुराना हाइड्रा (सीजी 13 एल.ए. 4326) – ₹3,00,000
कुल जप्ती : ₹6,44,400
गिरफ्तार आरोपी
- दुर्योधन उरांव (24 वर्ष), ग्राम कलमा, थाना चंद्रपुर
- कालीचरण निषाद (30 वर्ष), ग्राम कलमा, थाना चंद्रपुर
- पनबुडी कुजूर (45 वर्ष), निवासी जगतपुर ढिमरापुर, रायगढ़












