बरपाली में एनआर पब्लिक इंग्लिश मीडियम स्कूल का शुभारंभ

एसएसपी शशि मोहन सिंह ने किया उद्घाटन, शिक्षा विस्तार की पहल
रायगढ़। जिले के बरपाली गांव में एनआर ग्रुप द्वारा स्थापित एनआर पब्लिक इंग्लिश मीडियम स्कूल का विधिवत शुभारंभ किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि शशि मोहन सिंह ने फीता काटकर और शिलालेख का अनावरण कर स्कूल का उद्घाटन किया। इस अवसर पर एनआर ग्रुप के चेयरमेन नंदकिशोर अग्रवाल, उनकी धर्मपत्नी गुलाबी देवी तथा फाउंडर संजय अग्रवाल सहित अन्य सदस्य उपस्थित रहे।
ग्रामीण क्षेत्र में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा का प्रयास
बरपाली जैसे सुदूर ग्रामीण क्षेत्र में इस स्कूल की स्थापना को शिक्षा के क्षेत्र में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। कार्यक्रम की शुरुआत राष्ट्रगान से हुई, इसके बाद मां सरस्वती की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर दीप प्रज्वलन किया गया।
एसएसपी ने सराहा प्रयास
एसएसपी शशि मोहन सिंह ने अपने संबोधन में कहा कि शिक्षा का प्रसार केवल शहरों तक सीमित नहीं रहना चाहिए, बल्कि ग्रामीण क्षेत्रों तक पहुंचना जरूरी है। उन्होंने एनआर ग्रुप के इस प्रयास की सराहना करते हुए कहा कि इससे ग्रामीण अंचल के बच्चों को आधुनिक शिक्षा का लाभ मिलेगा।
हाईटेक सुविधाओं से लैस स्कूल
स्कूल में अत्याधुनिक हाईटेक कंप्यूटर रूम सहित कक्षा 1 से 5 तक के बच्चों के लिए सुसज्जित कक्षाएं तैयार की गई हैं। लगभग 72 लाख रुपये की लागत से निर्मित इस स्कूल में उद्घाटन के समय तक करीब 150 बच्चों का प्रवेश हो चुका है।
भविष्य में बड़े विस्तार की योजना
स्कूल की डायरेक्टर चाहत अग्रवाल ने बताया कि आने वाले समय में इस परियोजना को और विस्तार दिया जाएगा। एनआर ग्रुप के संजय अग्रवाल के अनुसार, करीब 412 करोड़ रुपये की बड़ी योजना तैयार की जा रही है, जिसके तहत 7 एकड़ भूमि में स्कूल का विस्तार होगा।
सामाजिक सरोकार में अग्रणी एनआर ग्रुप
गौरतलब है कि एनआर ग्रुप इससे पहले भी स्वास्थ्य और सामाजिक क्षेत्र में सक्रिय रहा है। शिक्षा के क्षेत्र में यह पहल ग्रामीण विकास की दिशा में एक नई शुरुआत मानी जा रही है।






