रिसदी खेत में फंसा विशालकाय अजगर, स्नेक कैचर टीम ने बचाई जान

किसान को दिखा जाल में फंसा अजगर
कोरबा शहर से लगे निगम क्षेत्र के रिसदी गांव के खेत में एक विशालकाय अजगर जाल में बुरी तरह फँस गया था। खेत में फसल काटने पहुंचे किसान की नजर जब अजगर पर पड़ी तो उसने तुरंत इसकी सूचना वन विभाग के स्नेक कैचर जितेंद्र सारथी को दी।
जाली में बुरी तरह उलझा था अजगर
किसान संजय कंवर अपने खेत में फसल काटने पहुंचे थे। तभी उनकी नजर एक ऐसे स्थान पर गई, जहां अजगर जाली में फंसा हुआ तड़प रहा था और खुद को बाहर निकाल नहीं पा रहा था। किसानों ने उसे छुड़ाने की कोशिश भी की, लेकिन सफलता नहीं मिली।
वन्यजीव बचाने की मुहिम, रेस्क्यू टीम हुई सक्रिय
अजगर की हालत गंभीर देख किसान ने वाइल्डलाइफ रेस्क्यू टीम (नोवा नेचर) के प्रमुख जितेंद्र सारथी को सूचना दी। रेस्क्यू टीम तत्काल मौके पर पहुंची और अजगर को जाल से बाहर निकालने की प्रक्रिया शुरू की। टीम ने अजगर को सुरक्षित सूखे स्थान पर लाकर कैची की मदद से जाल को एक-एक हिस्सा काटकर हटाया।
कड़ी मशक्कत के बाद सफल रेस्क्यू
लंबे प्रयास और सावधानीपूर्ण कार्रवाई के बाद विशाल अजगर को सफलतापूर्वक जाल से बाहर निकाला गया, जिसके बाद ग्रामीणों ने राहत की सांस ली। वन विभाग की सूचना पर जितेंद्र सारथी और भूपेंद्र जगत ने करीब 9 फीट लंबे और 8 किलो वजन वाले अजगर को सुरक्षित उसके प्राकृतिक आवास जंगल में छोड़ दिया।
जागरूकता बढ़ी, लोग तुरंत देते हैं सूचना
जितेंद्र सारथी ने बताया कि खेत में जानवरों से फसल को बचाने के लिए लगाई गई जाली में अजगर फँस गया था। उन्होंने कहा कि कोरबा जिले में सांपों के प्रति लोगों में जागरूकता तेजी से बढ़ रही है। अब सांप दिखने पर लोग तुरंत रेस्क्यू टीम को सूचना देते हैं, जिससे वन्यजीव संरक्षण को बढ़ावा मिल रहा है।












