परीक्षा को उत्सव बनाने की प्रधानमंत्री मोदी की पहल: ‘परीक्षा पे चर्चा 2026’ 6 फरवरी को, 4.50 करोड़ पंजीयन के साथ टूटा अब तक का रिकॉर्ड, छत्तीसगढ़ बना पालक सहभागिता में देश का सिरमौर

रायपुर । विद्यार्थियों में आत्मविश्वास, सकारात्मक सोच तथा मानसिक-भावनात्मक संतुलन को सुदृढ़ करते हुए परीक्षा के तनाव को कम करने और परीक्षा को उत्सव के रूप में देखने की सोच को मजबूती देने के उद्देश्य से प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी द्वारा बीते नौ वर्षों से ‘परीक्षा पे चर्चा’ कार्यक्रम का सफल आयोजन किया जा रहा है। यह कार्यक्रम अब केवल संवाद नहीं, बल्कि विद्यार्थियों, शिक्षकों और पालकों के लिए प्रेरणा का राष्ट्रीय मंच बन चुका है।
6 फरवरी को होगा मुख्य कार्यक्रम, प्रधानमंत्री करेंगे सीधा संवाद
‘परीक्षा पे चर्चा 2026’ का मुख्य कार्यक्रम 6 फरवरी 2026, गुरुवार को प्रातः 10 बजे आयोजित किया जाएगा। इस अवसर पर प्रधानमंत्री मोदी विद्यार्थियों, शिक्षकों एवं पालकों से सीधे संवाद करेंगे और परीक्षा से जुड़े तनाव, समय प्रबंधन, आत्मविश्वास, करियर विकल्पों सहित अनेक विषयों पर मार्गदर्शन देंगे।
4.50 करोड़ पंजीयन, अब तक की सबसे बड़ी सहभागिता
वर्ष 2026 में इस कार्यक्रम ने अब तक के सभी रिकॉर्ड तोड़ दिए हैं। देश-विदेश से विद्यार्थियों, शिक्षकों और पालकों के कुल 4.50 करोड़ पंजीयन दर्ज किए गए हैं। यह अभूतपूर्व सहभागिता कार्यक्रम की बढ़ती लोकप्रियता, विश्वसनीयता और इसके सकारात्मक प्रभाव को दर्शाती है।
देश-विदेश में होगा सीधा प्रसारण
कार्यक्रम का सीधा प्रसारण देश और विदेश में विभिन्न प्लेटफॉर्म्स के माध्यम से किया जाएगा। इसमें यूट्यूब, फेसबुक लाइव जैसे सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स के साथ-साथ दूरदर्शन, पीएम ई-विद्या टीवी चैनल, रेडियो चैनल और प्रमुख ओटीटी प्लेटफॉर्म शामिल रहेंगे, ताकि अधिक से अधिक लोग इस संवाद से जुड़ सकें।
छत्तीसगढ़ में स्कूलों और सार्वजनिक स्थलों पर विशेष व्यवस्था
छत्तीसगढ़ स्कूल शिक्षा विभाग ने सभी जिलों को निर्देश जारी किए हैं कि शासकीय एवं निजी विद्यालयों में कार्यक्रम के सीधे प्रसारण की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। इसके साथ ही जिलों में सार्वजनिक और निजी स्थलों पर सामूहिक रूप से कार्यक्रम देखने की व्यवस्था करने तथा व्यापक प्रचार-प्रसार के निर्देश दिए गए हैं। प्रचार के लिए आवश्यक वीडियो और पोस्टर के नमूने जिलों को पहले ही उपलब्ध कराए जा चुके हैं।
पालक पंजीयन में छत्तीसगढ़ देश में अव्वल
गत वर्ष की भांति इस वर्ष भी छत्तीसगढ़ राज्य ने ‘परीक्षा पे चर्चा’ में उत्कृष्ट प्रदर्शन किया है। राज्य से बड़ी संख्या में विद्यार्थियों, शिक्षकों और पालकों द्वारा प्रश्न भेजे गए।
विशेष रूप से पालकों के पंजीयन के मामले में छत्तीसगढ़ ने पूरे देश में पहला स्थान हासिल कर नया कीर्तिमान स्थापित किया है। इस सफलता के पीछे ‘अंगना में शिक्षा कार्यक्रम’ के अंतर्गत राज्य स्रोत दल द्वारा माताओं के समूहों को सक्रिय किए जाने की अहम भूमिका रही।
महासमुंद की छात्रा को मिला प्रधानमंत्री से सवाल पूछने का अवसर
छत्तीसगढ़ के लिए गर्व का विषय यह भी रहा कि महासमुंद जिले की छात्रा कुमारी सृष्टि साहू को दिल्ली में आयोजित ‘परीक्षा पे चर्चा’ कार्यक्रम में सहभागिता करते हुए प्रधानमंत्री से प्रत्यक्ष रूप से प्रश्न पूछने का अवसर मिला। यह उपलब्धि राज्य की शैक्षणिक सहभागिता और जागरूकता को दर्शाती है।






