CG Land Survey : छत्तीसगढ़ में 19,805 राजस्व ग्रामों का सर्वे पूरा, डिजिटल रिकॉर्ड से मिलेगा भूमि मालिकाना हक

ग्रामीण क्षेत्रों में भू-संपत्ति का तैयार हो रहा सटीक डिजिटल रिकॉर्ड, भूमि विवादों में कमी आने की उम्मीद
रायपुर। छत्तीसगढ़ के ग्रामीण क्षेत्रों में भूमि और मकान के स्वामित्व को स्पष्ट करने के उद्देश्य से राजस्व ग्राम सर्वेक्षण अभियान (Revenue Village Survey) चलाया जा रहा है। इसके तहत प्रदेश के राजस्व विभाग ने अब तक 20 हजार 551 राजस्व ग्रामों में से 19 हजार 805 ग्रामों का विस्तृत सर्वेक्षण कार्य पूरा कर लिया है।
डिजिटल रिकॉर्ड से मिलेगा मालिकाना अधिकार
सर्वेक्षण के माध्यम से ग्रामीण क्षेत्रों में स्थित भू-संपत्तियों का डिजिटल और सटीक रिकॉर्ड तैयार किया जा रहा है। इससे भूमि स्वामियों को उनकी जमीन और मकान का मालिकाना हक प्रमाणित करने में मदद मिलेगी।
भूमि विवाद और मुकदमों में आएगी कमी
राजस्व विभाग का कहना है कि डिजिटल रिकॉर्ड उपलब्ध होने से जमीन से जुड़े आपसी विवादों और न्यायालयीन मामलों में कमी आने की संभावना है। भूमि की सही जानकारी ऑनलाइन दर्ज होने से पारदर्शिता भी बढ़ेगी।
किसानों को योजनाओं का लाभ लेने में होगी आसानी
डिजिटल भूमि रिकॉर्ड तैयार होने से किसानों को बैंक ऋण प्राप्त करने, फसल बीमा कराने और विभिन्न शासकीय योजनाओं का लाभ लेने में सुविधा मिलेगी। इससे ग्रामीण अर्थव्यवस्था को भी मजबूती मिलने की उम्मीद है।







