कमरे में फांसी लगाकर युवती ने की आत्महत्या

रायगढ़। जिले में एक युवती द्वारा आत्महत्या किए जाने का मामला सामने आया है। युवती ने अपने ही कमरे में फांसी लगाकर जान दे दी। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है। मामला चक्रधरनगर थाना क्षेत्र का है।
सुबह से थी चुपचाप, दोपहर में उठाया आत्मघाती कदम
मिली जानकारी के अनुसार टीवी टावर–कृष्णानगर निवासी ट्विंकल चौहान (26 वर्ष), पिता हिरन चौहान, गुरुवार सुबह से ही गुमसुम अवस्था में थी। परिजनों के अनुसार दिन में किसी समय घर के सभी सदस्य बाहर गए हुए थे। इसी दौरान दोपहर करीब दो बजे ट्विंकल ने अपने कमरे के म्यार में फांसी लगा ली।
परिजनों के लौटने पर हुआ खुलासा
कुछ समय बाद जब परिजन घर लौटे तो उन्होंने ट्विंकल को आवाज दी, लेकिन भीतर से कोई जवाब नहीं मिला। संदेह होने पर जब वे उसके कमरे में पहुंचे तो देखा कि वह फांसी पर लटकी हुई थी। यह दृश्य देखते ही घर में हड़कंप मच गया।
अस्पताल ले जाने पर डॉक्टरों ने किया मृत घोषित
शोर सुनकर आसपास के लोग भी मौके पर पहुंच गए। युवती को तुरंत फंदे से उतारकर इलाज के लिए मेडिकल कॉलेज अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने प्राथमिक जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
पुलिस ने दर्ज किया मर्ग, कारणों की जांच जारी
अस्पताल से प्राप्त सूचना के आधार पर शुक्रवार को चक्रधरनगर पुलिस ने मर्ग कायम कर लिया है। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है। पुलिस का कहना है कि आत्महत्या के कारणों का फिलहाल पता नहीं चल सका है। पीएम रिपोर्ट और मर्ग जांच पूरी होने के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो पाएगी।












