रायगढ़

रायगढ़ में ईएसआईसी अस्पताल की सेवाएं होंगी और सुदृढ़, श्रमिकों को मिलेगा बेहतर इलाज

Advertisement

रायगढ़। औद्योगिक क्षेत्र के श्रमिकों को बेहतर, सुलभ और गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में ईएसआईसी अस्पताल रायगढ़ में लगातार सुधार किया जा रहा है। जिला प्रशासन और कर्मचारी राज्य बीमा निगम (ESIC) के समन्वित प्रयासों से अब श्रमिकों को पहले की तुलना में अधिक प्रभावी और त्वरित उपचार सुविधा मिलने लगी है।

कलेक्टर मयंक चतुर्वेदी ने कलेक्ट्रेट चेम्बर में आयोजित समीक्षा बैठक में अस्पताल की व्यवस्थाओं का जायजा लिया और सेवाओं के विस्तार पर विशेष जोर दिया। उन्होंने अस्पताल को पूर्ण क्षमता से संचालित करने के निर्देश देते हुए श्रमिकों को अधिकतम स्वास्थ्य लाभ पहुंचाने की बात कही।

समीक्षा के दौरान पेयजल, विद्युत आपूर्ति, अपशिष्ट प्रबंधन, चिकित्सक व स्टाफ की उपलब्धता जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा की गई। कलेक्टर ने अस्पताल में पर्याप्त पेयजल व्यवस्था, निर्बाध बिजली आपूर्ति और परिवहन सुविधा को मजबूत करने के निर्देश दिए, ताकि श्रमिकों की अस्पताल तक पहुंच आसान हो सके।

बताया गया कि पतरापाली स्थित 100 बिस्तरों वाला यह अस्पताल बीमित श्रमिकों और उनके परिवारों के लिए एक प्रमुख स्वास्थ्य केंद्र बनकर उभर रहा है। वर्तमान में यहां 15 चिकित्सक और आवश्यक तकनीकी स्टाफ कार्यरत हैं, जिससे उपचार व्यवस्था में सुधार हुआ है। जल्द ही अस्पताल में भर्ती (इनडोर) सुविधा भी शुरू की जाएगी, जिससे गंभीर मरीजों को बाहर रेफर करने की जरूरत कम होगी।

अस्पताल में प्रयोगशाला सेवाएं शुरू हो चुकी हैं और ऑपरेशन थियेटर सहित अन्य बुनियादी सुविधाओं के लिए भी स्वीकृति मिल चुकी है। साथ ही, स्वच्छता बनाए रखने के लिए अपशिष्ट प्रबंधन प्रणाली को बेहतर किया जा रहा है और सुरक्षा व्यवस्था को भी मजबूत किया जा रहा है।

सहायक श्रमायुक्त ने बताया कि जिले के उद्योगों के लिए रोस्टर जारी किया गया है, जिसके तहत कारखाना प्रबंधन अपने श्रमिकों को नियमित स्वास्थ्य जांच के लिए अस्पताल लाएंगे। वहीं, बीमित श्रमिक अपने परिवार के साथ भी यहां इलाज और जांच की सुविधा ले सकते हैं।

कर्मचारी राज्य बीमा योजना के तहत श्रमिकों को निःशुल्क इलाज, आर्थिक सहायता, मातृत्व लाभ, दुर्घटना मुआवजा और पेंशन जैसी सुविधाएं मिलती हैं। विभाग ने सभी पात्र श्रमिकों से इस योजना का अधिक से अधिक लाभ उठाने की अपील की है।

Advertisement
Advertisement

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button