बिलासपुर में बर्ड फ्लू के बाद रायगढ़ में अलर्ट, पोल्ट्री फार्म पर बढ़ी निगरानी

बिलासपुर में बर्ड फ्लू की पुष्टि होने के बाद रायगढ़ जिले में भी प्रशासन सतर्क हो गया है। पशु चिकित्सा विभाग और जिला प्रशासन ने एहतियात के तौर पर जिलेभर में पोल्ट्री फार्म और मुर्गी दुकानों की निगरानी तेज कर दी है।
सप्लाई कनेक्शन के चलते बढ़ी चिंता
दरअसल, बिलासपुर, छत्तीसगढ़ के कोनी स्थित सरकारी पोल्ट्री फार्म में पिछले पांच दिनों में करीब 5 हजार मुर्गे-मुर्गियों की मौत के बाद जांच में बर्ड फ्लू की पुष्टि हुई है। बताया जा रहा है कि बिलासपुर से रायगढ़ जिले में भी चूजों की सप्लाई होती है, जिसके चलते संक्रमण के फैलाव की आशंका को देखते हुए प्रशासन ने अलर्ट जारी किया है।
अधिकारियों ने निर्देश दिया है कि यदि कहीं भी मुर्गियों की असामान्य मौत होती है, तो इसकी तुरंत सूचना प्रशासन को दी जाए। फील्ड स्टाफ द्वारा लगातार दुकानों और पोल्ट्री फार्म का निरीक्षण किया जा रहा है।
संचालकों को सतर्क रहने के निर्देश
पशु चिकित्सा विभाग ने दुकानदारों और पोल्ट्री संचालकों को विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए हैं। किसी भी संदिग्ध स्थिति या बीमारी के लक्षण दिखने पर तत्काल जानकारी देने को कहा गया है, ताकि समय रहते आवश्यक कदम उठाए जा सकें।
पिछले साल भी सामने आया था मामला
गौरतलब है कि फरवरी 2025 में भी रायगढ़ जिले में बर्ड फ्लू की पुष्टि हो चुकी है। उस समय सरकारी पोल्ट्री फार्म में कई मुर्गियों की मौत के बाद सैंपल जांच के लिए भेजे गए थे, जिसमें संक्रमण की पुष्टि हुई थी। इसके बाद नियमानुसार कई पक्षियों को नष्ट किया गया था और सख्त नियंत्रण उपाय लागू किए गए थे।
अभी स्थिति सामान्य, लेकिन निगरानी जारी
सरकारी पोल्ट्री फार्म के प्रभारी डॉ. डीआर प्रधान ने बताया कि फिलहाल रायगढ़ जिले में स्थिति सामान्य है, लेकिन एहतियात के तौर पर लगातार निगरानी रखी जा रही है। प्रशासन का उद्देश्य है कि किसी भी संभावित खतरे को समय रहते रोका जा सके और संक्रमण को फैलने से रोका जाए।






