रायपुर में इंटरनेशनल साइबर ठगी का बड़ा खुलासा, तीन फर्जी कॉल सेंटर पकड़े

राजधानी रायपुर में अंतरराष्ट्रीय स्तर पर चल रहे साइबर ठगी के बड़े गिरोह का खुलासा हुआ है। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए शहर के अलग-अलग इलाकों में संचालित तीन फर्जी कॉल सेंटरों का भंडाफोड़ किया है और 40 से अधिक आरोपियों को हिरासत में लिया है।
विदेशी नागरिकों को बनाते थे निशाना
मामले का खुलासा करते हुए डीसीपी सेंट्रल जोन उमेश गुप्ता ने बताया कि ये फर्जी कॉल सेंटर गंज थाना क्षेत्र और राजेन्द्र नगर थाना क्षेत्र में संचालित हो रहे थे। यहां से आरोपी अमेरिका और यूरोप के नागरिकों को निशाना बनाकर ठगी करते थे।
आरोपी खुद को बड़ी कंपनियों के कस्टमर केयर प्रतिनिधि बताकर लोगों को झांसे में लेते थे और लोन दिलाने, रिफंड या तकनीकी सहायता के नाम पर पैसे ऐंठते थे।
गूगल पर फर्जी नंबर डालकर करते थे ठगी
पुलिस के मुताबिक, गिरोह के सदस्य इंटरनेट पर फर्जी कस्टमर केयर नंबरों को गूगल सर्च में ऊपर दिखाते थे। जब विदेशी नागरिक इन नंबरों पर कॉल करते थे, तो आरोपी उन्हें भ्रमित कर ठगी को अंजाम देते थे।
गिरोह के सदस्य खुद को Amazon और Apple जैसी कंपनियों का प्रतिनिधि बताकर अमेरिकी नागरिकों को निशाना बनाते थे।
रात में चलता था पूरा ऑपरेशन
ठगी का यह नेटवर्क भारतीय समयानुसार शाम 7:30 बजे से सक्रिय हो जाता था, क्योंकि उस समय अमेरिका में दिन होता है। इसी दौरान आरोपी पूरी रात विदेशी नागरिकों से संपर्क कर उन्हें ठगते थे।
बड़ी मात्रा में उपकरण जब्त
पुलिस की रेड के दौरान तीनों कॉल सेंटरों से 20 लैपटॉप, 50 डेस्कटॉप और करीब 50 मोबाइल फोन जब्त किए गए हैं। पकड़े गए आरोपी गुजरात, बिहार और उत्तर भारत के विभिन्न राज्यों के निवासी बताए जा रहे हैं, जिन्हें 15 से 20 हजार रुपये मासिक वेतन पर काम पर रखा गया था।
जांच जारी, और खुलासों की संभावना
फिलहाल पुलिस सभी आरोपियों से पूछताछ कर रही है और इस अंतरराष्ट्रीय साइबर ठगी नेटवर्क के अन्य कनेक्शन खंगाले जा रहे हैं। अधिकारियों का मानना है कि जांच में और भी बड़े खुलासे हो सकते हैं।






