आईआरसीटीसी की नई पहल: भारत गौरव ट्रेन से 7 ज्योतिर्लिंग यात्रा सिर्फ 900 रुपए की आसान किस्तों में, धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा

ज्योतिर्लिंगों के दर्शन का ले रहे लाभ
पहले टिकट और अन्य सुविधाओं का एकमुश्त खर्च अधिक होने से कई यात्री इस ट्रेन से यात्रा करने से पीछे हट जाते थे। इस वजह से कई बार ट्रेन की सीटें खाली भी रह जाती थीं। अब ईएमआई की सुविधा के तहत 900 से 1000 रुपए की आसान किस्तों के साथ यात्री ट्रेन में बुकिंग करा रहे हैं और ज्योतिर्लिंगों के दर्शन का लाभ ले रहे हैं। हरिभूमि की पड़ताल में पता चला कि, रायपुर से कई यात्रियों ने 27 अप्रैल से 8 मई के बीच होने वाली भगवान शिव के सात ज्योतिर्लिंगों की यात्रा के लिए भारत गौरव टूरिस्ट ट्रेन के टिकट ईएमआई पर बुक कराए हैं।
कई यात्रियों को एकमुश्त पेमेंट करने में दिक्कत होती थी
दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे जोन के आईआरसीटीसी अधिकारियों ने बताया कि, कई यात्रियों को एकमुश्त पेमेंट करने में दिक्कत होती थी। ऐसे यात्री अब यात्रा का खर्च आसान किस्तों के जरिए चुका सकते हैं। इस पहल से न केवल दपूमरे जोन, बल्कि देशभर के विभिन्न जोनों से तीर्थयात्रियों की संख्या में इजाफा हुआ है। अब आईआरसीटीसी की इन धार्मिक यात्राओं में सभी वर्गों के लोगों की भागीदारी बढ़ रही है। 40 प्रतिशत लोग ईएमआई का विकल्प चुन रहे हैं।
ट्रेन में आधुनिक सुविधाएं
रेलवे द्वारा चलाई जाने वाली टूरिस्ट ट्रेन, अलग-अलग बजट के हिसाब से कई केटेगरी की सुविधा देती है, साथ ही एक आरामदायक तीर्थयात्रा का अनुभव भी देती है। पैकेज में 2 एसी, उएसी और स्लीपर क्लास कोच में यात्रा के साथ-साथ शाकाहारी खाना, नाश्ता, दोपहर का भोजन और रात का खाना शामिल है। श्रद्धालुओं को चुनी गई केटेगरी के आधार पर एसी या नॉन-एसी बसों से स्थानीय दर्शनीय स्थलों का भ्रमण कराया जाता है।
नुकसान से बचाव, यात्रियों को भी सहूलियत
पहले पर्याप्त यात्री नहीं मिलने के कारण कई बार रेलवे को परिचालन में नुकसान उठाना पड़ता था। ईएमआई की सुविधा शुरू होने से यह समस्या भी दूर हो गई है। अब यात्री सेकंड एसी (प्रीमियम) की 53,260 रुपए के महंगे टिकट को भी सालभर की आसान किस्तों में बुक करा रहे हैं। इसके अलावा यह सुविधा 23500 रुपए वाले स्लीपर कोच के टिकट पर भी उपलब्ध है।
12 दिन की यात्रा, 751 सीटें और तीन केटेगरी में सफर का विकल्प
27 अप्रैल से 8 मई (11 रातें और 12 दिन) तक सात ज्योतिर्लिंगों के दर्शन के लिए इस यात्रा के लिए ट्रेन में कुल 751 बर्थ हैं। इनमें 2 एसी की 49, 3 एसी की 210 और स्लीपर क्लास की 492 सीटें शामिल हैं। इकॉनॉमी केटेगरी (स्लीपर क्लास) में इसका किराया प्रति व्यक्ति 23,500 रुपए और बच्चों (5-11 साल) के लिए 22.160 रुपए है। इसमें स्लीपर कोच में सफर, डबल या ट्रिपल शेयरिंग के आधार पर नॉन-एसी होटलों में रुकना, बेसिक वॉश एंड चेंज की सुविधा और घूमने के लिए नॉन-एसी लोकल ट्रांसपोर्ट शामिल है।
नॉन-एसी लोकल ट्रांसपोर्ट की व्यवस्था शामिल
स्टैंडर्ड केटेगरी (थर्ड एसी) में इसका किराया प्रति व्यक्ति 40,000 रुपार और बच्चों के लिए 38,430 रुपए है। इसमें थर्ड एसी कोच में सफर, डबल या ट्रिपल शेयरिंग पर एसी होटलों में रुकना, ‘वॉश एंड चेंज’ के लिए नॉन-एसी कमरे और घूमने के लिए नॉन-एसी लोकल ट्रांसपोर्ट की व्यवस्था शामिल है। कम्फर्ट केटेगरी सेकंड एसी, इस प्रीमियम पैकेज की कीमत प्रति व्यक्ति 53,260 रुपए और बच्चों के लिए 51,370 रुपए है। इसमें सेकेंड एसी में सफर, एसी होटलों में रुकना, ‘वॉश एंड चेंज के लिए एसी कमरे और स्थानीय भ्रमण के लिए एसी ट्रांसपोर्ट की सुविधा मिलती है।






