धमतरी बाजार विवाद: व्यापारी से मारपीट वीडियो मामले में पुलिस का पक्ष सामने आया, जांच जारी

धमतरी। छत्तीसगढ़ के धमतरी जिले के नगरी क्षेत्र अंतर्गत बोरई थाना इलाके में साप्ताहिक बाजार के दौरान एक व्यापारी के साथ कथित अभद्रता और मारपीट का वीडियो वायरल होने के बाद अब पुलिस ने अपना पक्ष रखा है। मामले को गंभीरता से लेते हुए DSP स्तर से जांच के आदेश दिए गए हैं।
नाके पर वाहन नहीं रोकने का आरोप
धमतरी पुलिस के अनुसार, संबंधित व्यक्ति के वाहन को पुलिस द्वारा जांच नाके पर रोकने का प्रयास किया गया था। लेकिन चालक ने वाहन नहीं रोका और तेज गति से आगे बढ़ गया। इसके बाद थाना प्रभारी द्वारा वाहन का पीछा किया गया।
बाजार क्षेत्र में रुकवाने पर विवाद
पुलिस का कहना है कि बाजार क्षेत्र में वाहन रुकवाने के बाद संबंधित व्यक्ति ने थाना प्रभारी को उकसाया, अमर्यादित भाषा का प्रयोग किया और शासकीय कार्य में बाधा उत्पन्न की। इसी दौरान विवाद की स्थिति बनी।
वीडियो को बताया अधूरा
पुलिस ने दावा किया है कि सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो घटना के केवल एक हिस्से को दिखाता है और संपूर्ण घटनाक्रम उसमें नहीं है। पुलिस के मुताबिक, वीडियो खुद को कार्रवाई से बचाने के उद्देश्य से वायरल किया गया प्रतीत होता है।
तथ्यों के आधार पर होगी कार्रवाई
पुलिस प्रशासन ने कहा है कि मामले की विस्तृत जांच जारी है। जांच रिपोर्ट आने के बाद तथ्यों के आधार पर आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
आमजन से अपील
धमतरी पुलिस ने नागरिकों और मीडिया से अपील की है कि अधूरी या भ्रामक जानकारी सोशल मीडिया पर साझा करने से बचें और कानून व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करें।






