सुशासन तिहार में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय का वनांचल दौरा, चंदागढ़ में जनचौपाल लगाकर सुनीं ग्रामीणों की समस्याएं

जशपुर। छत्तीसगढ़ के जशपुर जिले के सुदूर वनांचल ग्राम चंदागढ़ में सुशासन तिहार के तहत मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने जनसंवाद कर सरकार की जनकेंद्रित नीति का जमीनी प्रदर्शन किया। हेलीकॉप्टर से पहुंचने पर ग्रामीणों ने उनका उत्साहपूर्वक स्वागत किया।
मुख्यमंत्री ने पत्थलगांव विकासखंड के ग्राम भैंसामुड़ा स्थित बजरंग बली मंदिर में पूजा-अर्चना कर प्रदेश की सुख-समृद्धि की कामना की। इसके बाद बरगद पेड़ की छांव में जनचौपाल लगाकर सीधे ग्रामीणों से संवाद किया और उनकी समस्याएं सुनीं।
गांव में बुनियादी सुविधाओं पर फोकस
जनचौपाल के दौरान मुख्यमंत्री ने राशन, पेयजल, बिजली, पटवारी से जुड़ी समस्याओं की जानकारी ली और अधिकारियों को तत्काल समाधान के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सुशासन तिहार का उद्देश्य सरकार को सीधे जनता के बीच लाकर समस्याओं का मौके पर ही समाधान करना है।
लखपति दीदी से संवाद, महिला सशक्तिकरण की सराहना
मुख्यमंत्री ने “लखपति दीदी” सुमिला कोरवा और पुष्पलता चौहान से मुलाकात कर उनके स्वरोजगार कार्यों की सराहना की। उन्होंने बताया कि छत्तीसगढ़ में अब तक 8 लाख महिलाएं लखपति दीदी बन चुकी हैं, जो आत्मनिर्भरता की दिशा में बड़ा बदलाव है।
विकास की घोषणाएं
मुख्यमंत्री ने ग्राम चंदागढ़ और भैंसामुड़ा के लिए सामुदायिक भवन, मिनी स्टेडियम, सीसी रोड निर्माण और बच्चों के लिए खेल सामग्री उपलब्ध कराने की घोषणा की। उन्होंने अधिकारियों को विकास कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए।
योजनाओं की जमीनी समीक्षा
उन्होंने महतारी वंदन योजना, प्रधानमंत्री आवास योजना, तेंदूपत्ता संग्राहकों की स्थिति और चरण पादुका योजना की भी समीक्षा की। साथ ही अटल डिजिटल सेवा केंद्रों के माध्यम से ग्रामीणों को मिल रही सुविधाओं की जानकारी ली।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सुशासन तभी सार्थक है जब योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे और समय पर समस्याओं का समाधान हो।
इस मौके पर विधायक गोमती साय, प्रमुख सचिव सुबोध कुमार सिंह, जनसंपर्क आयुक्त रजत बंसल, कलेक्टर रोहित व्यास और एसएसपी डॉ. लाल उमेद सिंह सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।






