10 मई को RCB बनाम MI मुकाबले की तैयारी पूरी, स्टेडियम तैयार, फैंस में जबरदस्त उत्साह

रायपुर। 10 मई को रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु और मुंबई इंडियंस के बीच होने वाले मुकाबले के लिए स्टेडियम पूरी तरह से तैयार है। आरसीबी का दूसरा होम ग्राउंड होने के कारण पूरा मैदान उनके रंग में रंगा नजर आ रहा है। पहले यह चर्चा थी कि स्टेडियम के कॉर्पोरेट बॉक्स को छत्तीसगढ़ी संस्कृति और लोक कला के थीम पर तैयार किया जाएगा, लेकिन शुक्रवार को जब हरिभूमि की टीम जायजा लेने स्टेडियम पहुंची, तो वहां स्थानीय कला या संस्कृति की कोई झलक दिखाई नहीं दी। स्टेडियम की चारों दिशाओं, सभी बॉक्स और स्टैंड्स पर केवल आरसीबी के बैनर, पोस्टर और वॉलपेपर ही नजर आए।
100 की जगह अब 50 दर्शक बैठकर उठाएंगे मैच का लुत्फ
स्टेडियम के पवेलियन के ऊपर वाले हिस्से में बड़ा बदलाव किया गया है। यहां पहले गोल्ड स्टैंड हुआ करता था, जिसमें एक साथ 100 लोगों के बैठने की व्यवस्था थी, जिसके कारण वहां काफी भीड़भाड़ हो जाती थी। अब इस जगह को अपग्रेड करके वहां खास टेबल्स लगाए गए हैं और दर्शकों की क्षमता को सीमित कर 50 कर दिया गया है। इससे भीड़ नहीं होगी और दर्शक बिना किसी परेशानी के आराम से बैठकर नाश्ते व खाने के साथ मैच का आनंद ले सकेंगे।
सुविधाओं को अपग्रेड करने पर 1 करोड़ खर्च
आरसीबी प्रबंधन ने अपने इस दूसरे होम ग्राउंड में दर्शकों और वीआईपी मेहमानों के लिए आधुनिक सुविधाएं विकसित करने के लिए करीब एक करोड़ रुपये खर्च किए हैं। सभी कॉर्पोरेट बॉक्स को पूरी तरह से लग्जरी लुक दिया गया है। इनमें आरामदायक सिटिंग अरेंजमेंट के साथ-साथ हाई-स्पीड वाई-फाई और बेहतरीन एसी की व्यवस्था की गई है।






