बाजार में झपटमारी करने वाला शातिर गैंग गिरफ्तार : सोने की चेन उड़ाने वाले 5 महिलाओं समेत 6 आरोपी पुलिस के हत्थे चढ़े

रायगढ़। छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले में लैलूंगा पुलिस ने साप्ताहिक बाजारों और ग्रामीण मेलों में झपटमारी व पाकेटमारी की घटनाओं को अंजाम देने वाले एक संगठित गिरोह का पर्दाफाश किया है, जिसमें 6 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। गिरफ्तार आरोपियों में पांच महिलाएं और एक पुरुष शामिल हैं। पुलिस ने उनके कब्जे से लूटी गई सोने की चैन, घटना में प्रयुक्त वाहन और मोबाइल फोन समेत लगभग 8 लाख रुपये की संपत्ति बरामद की है।
गले से करीब एक तोला वजनी सोने की चैन खींचा
मामले की शिकायत लैलूंगा के वार्ड क्रमांक 4 इमलीपारा निवासी 67 वर्षीय सेवानिवृत्त शिक्षिका मरियम टोप्पो ने दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि, 13 जून 2026 को वे अपने पति के साथ लैलूंगा साप्ताहिक बाजार में सब्जी खरीदने गई थीं। इसी दौरान अज्ञात आरोपी ने उनके गले से करीब एक तोला वजनी सोने की चैन झपट ली। घटना के बाद उन्हें आसपास मौजूद कुछ महिलाएं संदिग्ध अवस्था में दिखाई दीं।
पूछताछ में आरोपी ने किया ये खुलासा
घटना की जानकारी मिलते ही महिला आरक्षक पूनम साहू ने ग्रामीणों की मदद से मौके पर मौजूद संदिग्ध महिला मंगरीता गिरी को पकड़ लिया। पूछताछ में मिले सुराग के आधार पर पुलिस ने दीपक गिरी को भी हिरासत में लिया। दोनों से सख्ती से पूछताछ करने पर खुलासा हुआ कि, वे अपने परिवार की अन्य महिला सदस्यों के साथ बलरामपुर जिले के कुसमी क्षेत्र से इको वाहन क्रमांक सीजी 30 जे 8035 में सवार होकर लैलूंगा बाजार पहुंचे थे और संगठित गिरोह बनाकर झपटमारी व पाकेटमारी की वारदातों को अंजाम देते थे।
इन आरोपियों को लिया गया हिरासत में
आरोपियों ने पूछताछ में बताया कि, घटना के बाद गिरोह के अन्य सदस्य जशपुर जिले में परिचितों के यहां चले गए थे। मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के निर्देश पर लैलूंगा पुलिस ने जशपुर, सरगुजा और बलरामपुर पुलिस से समन्वय स्थापित किया। इसके बाद पुलिस टीम ने देर रात जशपुर में दबिश देकर गिरोह की चार अन्य महिला सदस्यों रीला गिरी, राजमोहनी उर्फ ठोली, सोनम गिरी और उर्मिला गिरी को हिरासत में लिया।
सभी आरोपियों ने स्वीकार किया अपराध
पूछताछ के दौरान सभी आरोपियों ने अपना अपराध स्वीकार कर लिया। पुलिस ने उनके कब्जे से पीड़िता की 18 ग्राम वजनी सोने की चैन और लॉकेट, जिसकी कीमत करीब 2 लाख रुपये बताई गई है, घटना में प्रयुक्त इको वाहन जिसकी कीमत लगभग 5 लाख रुपये है तथा चार मोबाइल फोन जब्त किए हैं।
इन नामों से गिरफ्तार आरोपियों की हुई पहचान
मामले में थाना लैलूंगा में अपराध क्रमांक 190/2026 दर्ज कर भारतीय न्याय संहिता की धारा 304(2) के तहत कार्रवाई की गई है। सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है। गिरफ्तार आरोपियों में मंगरीता गिरी (25), दीपक गिरी (21), रीला गिरी (28), राजमोहनी उर्फ ठोली (45), सोनम गिरी (20) और उर्मिला गिरी (27) शामिल हैं। सभी आरोपी बगाड़ी राजपुर, थाना राजपुर, जिला बलरामपुर के निवासी हैं।







