Uncategorised

शिक्षा गुणवत्ता रायगढ़ : कलेक्टर मयंक चतुर्वेदी ने दिए सख्त निर्देश, लापरवाह शिक्षकों पर होगी कार्रवाई

Advertisement
Advertisement
Advertisement

शिक्षा की गुणवत्ता पर जिला प्रशासन का फोकस

रायगढ़, 10 जुलाई। नए शैक्षणिक सत्र की शुरुआत के साथ रायगढ़ जिला प्रशासन ने सरकारी विद्यालयों में शिक्षा की गुणवत्ता सुधारने के लिए सख्त कदम उठाए हैं। कलेक्टर मयंक चतुर्वेदी ने शिक्षा विभाग की समीक्षा बैठक में स्पष्ट कहा कि विद्यालयों का उद्देश्य केवल पढ़ाई कराना नहीं, बल्कि प्रत्येक विद्यार्थी के सीखने के स्तर में निरंतर सुधार सुनिश्चित करना है।

लापरवाही पर तय होगी जवाबदेही

कलेक्टर ने सभी शिक्षकों की नियमित उपस्थिति, समय पर कक्षाओं का संचालन और प्रभावी अध्यापन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि शिक्षा की गुणवत्ता से किसी भी स्तर पर समझौता नहीं किया जाएगा। लगातार शिकायत मिलने या अपेक्षित सुधार नहीं होने पर संबंधित शिक्षक के साथ प्राचार्य, संकुल समन्वयक और विकासखंड शिक्षा अधिकारी की भी जवाबदेही तय होगी।

मोबाइल में व्यस्त शिक्षक मिले तो करें शिकायत

कलेक्टर ने अभिभावकों और नागरिकों से अपील की कि यदि किसी विद्यालय में शिक्षक पढ़ाई के बजाय मोबाइल फोन या अन्य गैर-शैक्षणिक गतिविधियों में व्यस्त रहते हैं, तो इसकी जानकारी सीधे कलेक्टर या जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी को दें। शिकायत मिलने पर तत्काल जांच कर कार्रवाई की जाएगी।

विद्यालय निरीक्षण और ड्रॉपआउट बच्चों पर विशेष जोर

बैठक में विकासखंड शिक्षा अधिकारियों को विद्यालयों का नियमित निरीक्षण कर कक्षाओं में अध्यापन की गुणवत्ता और विद्यार्थियों की शैक्षणिक प्रगति का मूल्यांकन करने के निर्देश दिए गए। साथ ही नए विद्यार्थियों की शत-प्रतिशत उपस्थिति, ड्रॉपआउट बच्चों की स्कूल वापसी, एकल शिक्षक वाले विद्यालयों की व्यवस्था, भवनविहीन स्कूलों के लिए वैकल्पिक इंतजाम और प्रत्येक विकासखंड में मॉडल स्कूल विकसित करने पर भी जोर दिया गया।

बोर्ड परीक्षा परिणाम और निजी स्कूलों की भी होगी समीक्षा

बैठक में बोर्ड परीक्षा परिणाम, कमजोर विद्यार्थियों के लिए विशेष कार्ययोजना, समग्र शिक्षा, छात्रवृत्ति परीक्षा, मध्यान्ह भोजन, स्वास्थ्य परीक्षण और विद्यालयों की मूलभूत सुविधाओं की समीक्षा की गई। कलेक्टर ने अगले सप्ताह निजी विद्यालयों के प्राचार्यों की बैठक लेकर शासन के दिशा-निर्देशों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित कराने के निर्देश भी दिए।

Advertisement
Advertisement

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button