राजनांदगांव में फर्टिलाइजर प्लांट से बढ़ेंगे रोजगार और औद्योगिक अवसर : मुख्यमंत्री साय

विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह से मुख्यमंत्री साय ने की मुलाकात, औद्योगिक विकास पर हुई चर्चा
रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह से उनके रायपुर स्थित निवास पर मुलाकात की। इस दौरान दोनों नेताओं के बीच छत्तीसगढ़ के औद्योगिक एवं आर्थिक विकास से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से विचार-विमर्श हुआ। बैठक में राजनांदगांव में गेल (इंडिया) लिमिटेड के प्रस्तावित गैस आधारित फर्टिलाइजर प्लांट और इलेक्ट्रॉनिक्स मैन्युफैक्चरिंग क्लस्टर 2.0 को लेकर भी चर्चा हुई।
फर्टिलाइजर प्लांट से मिलेंगे रोजगार के नए अवसर
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि राजनांदगांव में प्रस्तावित गैस आधारित फर्टिलाइजर संयंत्र क्षेत्र के औद्योगिक विकास को नई गति देने वाली महत्वपूर्ण परियोजना साबित हो सकता है। संयंत्र की स्थापना से स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार और स्वरोजगार के अवसर बढ़ेंगे। इसके साथ ही सहायक उद्योगों, परिवहन, व्यापार और अन्य व्यावसायिक गतिविधियों को भी विस्तार मिलने की संभावना है।
आसपास के क्षेत्रों की अर्थव्यवस्था को मिलेगा फायदा
मुख्यमंत्री ने कहा कि इस परियोजना का लाभ केवल राजनांदगांव तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि आसपास के क्षेत्रों में भी आर्थिक गतिविधियां बढ़ेंगी। नए उद्योगों के साथ स्थानीय स्तर पर कारोबार और रोजगार के अवसर बढ़ने से क्षेत्रीय अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलेगी तथा प्रदेश के औद्योगिक विकास को नया आधार मिलेगा।
इलेक्ट्रॉनिक्स विनिर्माण को बढ़ावा देने पर जोर
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि राज्य सरकार छत्तीसगढ़ में उद्योगों के लिए अनुकूल वातावरण तैयार करने और निवेश को आकर्षित करने के लिए लगातार प्रयास कर रही है। आधुनिक तकनीक, उच्च मूल्य आधारित विनिर्माण और नई संभावनाओं वाले उद्योगों को प्रोत्साहित किया जा रहा है। इलेक्ट्रॉनिक्स मैन्युफैक्चरिंग क्लस्टर 2.0 इसी दिशा में महत्वपूर्ण पहल है, जिसका उद्देश्य छत्तीसगढ़ को इलेक्ट्रॉनिक्स एवं आधुनिक विनिर्माण के क्षेत्र में एक प्रमुख केंद्र के रूप में विकसित करना है।
केंद्र-राज्य समन्वय से निवेश की नई संभावनाएं
मुख्यमंत्री ने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार के समन्वित प्रयासों से छत्तीसगढ़ में बड़े औद्योगिक निवेश के लिए अनुकूल परिस्थितियां बन रही हैं। सरकार की प्राथमिकता है कि प्रदेश में आने वाला निवेश केवल औद्योगिक विस्तार तक सीमित न रहे, बल्कि स्थानीय युवाओं को रोजगार, क्षेत्रों को विकास और राज्य की अर्थव्यवस्था को मजबूती देने का माध्यम बने। राजनांदगांव की प्रस्तावित फर्टिलाइजर परियोजना भी इसी व्यापक लक्ष्य की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।






