रायपुर : महानदी में नहाने गया युवक तेज बहाव में बहा, पत्नी सुरक्षित; गोताखोरों की टीम तलाश में जुटी

अभनपुर। गोबरा नवापारा थाना क्षेत्र के नेहरू घाट में शनिवार को बड़ा हादसा हो गया। महानदी में नहाने उतरा एक युवक तेज बहाव की चपेट में आकर लापता हो गया। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
पत्नी के साथ नहाने गया था युवक
जानकारी के अनुसार इंदिरा मार्केट नवापारा निवासी प्रदीप कश्यप अपनी पत्नी के साथ महानदी में नहाने पहुंचा था। दोनों नदी में उतरे थे, इसी दौरान प्रदीप गहरे पानी और तेज बहाव की चपेट में आ गया और देखते ही देखते लापता हो गया। वहीं उसकी पत्नी सुरक्षित बाहर निकल आई।
पुलिस और स्थानीय लोग तलाश में जुटे
घटना की सूचना मिलते ही गोबरा नवापारा पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से युवक की तलाश शुरू की। काफी प्रयास के बाद भी युवक का अब तक कोई पता नहीं चल पाया है।
रायपुर से बुलाई गई गोताखोर टीम
पुलिस ने सर्च ऑपरेशन तेज करने के लिए रायपुर से गोताखोरों की टीम रवाना की है। टीम के पहुंचने के बाद महानदी में व्यापक स्तर पर तलाश अभियान चलाया जाएगा। पुलिस मामले की जांच करते हुए युवक की तलाश में जुटी हुई है।







