आत्मसमर्पित नक्सलियों की निशानदेही पर तोड़मा जंगल में छिपाया गया नकदी, सोना और विस्फोटक बरामद

दंतेवाड़ा जिले के बारसूर थाना क्षेत्र के तोड़मा जंगल में सर्च अभियान के दौरान नक्सलियों द्वारा जमीन के नीचे छिपाकर रखे गए डंप मिले, 116 ग्राम सोने का बिस्किट और 2 लाख रुपये नकद सहित 18 लाख रुपये की सामग्री जब्त
दंतेवाड़ा. दंतेवाड़ा जिले के बारसूर थाना क्षेत्र के तोड़मा जंगल में नक्सलियों द्वारा छिपाए गए नकदी, सोना और अन्य सामान बरामद किए गए हैं। पुलिस ने बताया कि यह कार्रवाई आत्मसमर्पित नक्सलियों की निशानदेही पर की गई है। समर्पित नक्सलियों ने स्वीकार किया कि वे खोखली विचारधारा से त्रस्त थे और मुख्यधारा में लौटने का निर्णय लिया।
दंतेवाड़ा पुलिस अधीक्षक ने जानकारी दी कि हाल ही में मुख्यधारा में शामिल हुए नक्सलियों ने महत्वपूर्ण सूचनाएं दीं। इन सूचनाओं के आधार पर तोड़मा गांव के घने जंगलों में सर्च अभियान चलाया गया। इस अभियान के दौरान नक्सलियों द्वारा छिपाकर रखे गए हथियारों और विस्फोटकों के कई डंप मिले। नक्सलियों ने जवानों को नुकसान पहुंचाने के उद्देश्य से ये सामग्री जमीन के नीचे छिपा रखी थी।
सर्च टीमों ने अलग-अलग अभियानों में भारी मात्रा में सामग्री जब्त की है। बरामद सामान में 116 ग्राम सोने का बिस्किट शामिल है, जिसकी कीमत 16 लाख रुपये आंकी गई है। इसके अलावा 2 लाख रुपये नकद भी मिले हैं। इस तरह कुल 18 लाख रुपये की जब्ती की गई है।







