Raigarh Viral Video : मरीन ड्राइव पर युवती से सरेराह मारपीट, वायरल वीडियो के बाद मुख्य आरोपी गिरफ्तार

सेल्फी के दौरान हंसने की बात पर विवाद, दो नाबालिगों समेत तीन के खिलाफ मामला दर्ज
रायगढ़। रायगढ़ के मरीन ड्राइव क्षेत्र में एक युवती के साथ सरेराह मारपीट का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी नगमा खान उर्फ नूरी को गिरफ्तार कर लिया है। मामले में दो नाबालिग बालिकाओं के विरुद्ध भी किशोर न्याय अधिनियम के तहत कार्रवाई की गई है।
सेल्फी को लेकर शुरू हुआ विवाद
पुलिस के अनुसार, 19 वर्षीय पीड़िता 30 जून की शाम अपनी सहेली के साथ स्कूटी से थोक बाजार से लौट रही थी। मरीन ड्राइव स्थित पुष्पवाटिका गार्डन के पास दो युवतियां सेल्फी ले रही थीं। आरोप है कि दोनों ने पीड़िता पर उन्हें देखकर हंसने का आरोप लगाते हुए गाली-गलौज शुरू कर दी और फिर हाथ-मुक्कों से मारपीट की।
रिश्तेदार को बुलाकर की गई मारपीट
पीड़िता का आरोप है कि विरोध करने पर दोनों युवतियों ने फोन कर अपनी परिचित नगमा खान उर्फ नूरी (38) को मौके पर बुलाया। इसके बाद तीनों ने मिलकर पीड़िता के साथ लात-घूंसों और मुक्कों से मारपीट की। बीच-बचाव के लिए पहुंचे राहगीरों और पीड़िता की सहेली ने किसी तरह मामला शांत कराया। घटना के दौरान किसी ने वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया।
वायरल वीडियो के बाद हरकत में आई पुलिस
सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल होने के बाद वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह ने तत्काल संज्ञान लेते हुए कोतवाली पुलिस को आरोपियों की पहचान कर कार्रवाई के निर्देश दिए। जांच के बाद मुख्य आरोपी नगमा खान को गिरफ्तार कर लिया गया, जबकि घटना में शामिल दो नाबालिगों के खिलाफ भी वैधानिक कार्रवाई की गई।
बीएनएस की धाराओं में मामला दर्ज
पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ धारा 296, 115(2), 126(2), 351(3) एवं 3(5) भारतीय न्याय संहिता (BNS) के तहत अपराध दर्ज किया है। मुख्य आरोपी नगमा खान, निवासी चांदनी चौक फौजदारपारा, रायगढ़ को गिरफ्तार कर न्यायिक प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।
एसएसपी की अपील
एसएसपी शशि मोहन सिंह ने कहा कि सार्वजनिक स्थानों पर गुंडागर्दी और मारपीट करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। उन्होंने आम नागरिकों से अपील की कि किसी भी घटना की जानकारी तत्काल पुलिस को दें और कानून अपने हाथ में न लें।







