Rajnandgaon Accident : डोंगरगढ़ में खेत के गड्ढे में डूबने से तीन मासूम बच्चों की मौत, गांव में पसरा मातम

बारिश के पानी से भरे गहरे गड्ढे में डूबे बच्चे, दो सगे भाइयों की भी मौत
राजनांदगांव। जिले के डोंगरगढ़ क्षेत्र के बोरतालाब इलाके से एक दर्दनाक हादसे की खबर सामने आई है। यहां खेत समतलीकरण के दौरान बने गहरे गड्ढे में भरे पानी में डूबने से तीन मासूम बच्चों की मौत हो गई। इस हृदयविदारक घटना के बाद पूरे गांव में शोक का माहौल है। पीड़ित परिवारों का रो-रोकर बुरा हाल है।
खेलते-खेलते पहुंचे खेत में, पानी से भरे गड्ढे ने ली जान
जानकारी के अनुसार बोरतालाब क्षेत्र के एक खेत में कुछ दिन पहले समतलीकरण का काम कराया गया था। बारिश के कारण वहां बने गहरे गड्ढे में काफी मात्रा में पानी भर गया था। गांव के तीन बच्चे खेलते-खेलते उस स्थान पर पहुंच गए और पानी की गहराई का अंदाजा नहीं लगा सके।
बताया जा रहा है कि अचानक तीनों बच्चे गहरे पानी में चले गए और एक-दूसरे को बचाने के प्रयास में सभी डूब गए।
तलाश के बाद गड्ढे से निकाले गए शव
जब काफी देर तक बच्चे घर नहीं लौटे तो परिजनों ने उनकी तलाश शुरू की। ग्रामीणों को खेत के पास बच्चों के कपड़े और चप्पल दिखाई दिए, जिसके बाद अनहोनी की आशंका हुई।
सूचना मिलने पर पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची। रात के समय रेस्क्यू अभियान चलाने में काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ा। ग्रामीणों और प्रशासन की टीम ने मशक्कत के बाद पानी से तीनों बच्चों के शव बाहर निकाले।
गांव में पसरा मातम, दो सगे भाई भी शामिल
इस हादसे से बोरतालाब के गांधीनगर इलाके में सन्नाटा पसरा हुआ है। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर मर्ग कायम किया और तीनों बच्चों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
मृतक बच्चों की उम्र करीब 5 से 10 वर्ष के बीच बताई जा रही है। इनमें दो सगे भाई भी शामिल हैं।
जिला पंचायत सदस्य ने रेलवे प्रशासन पर उठाए सवाल
जिला पंचायत सदस्य अनीता मांडवी ने इस घटना को लेकर रेलवे प्रशासन की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पहले से ध्यान दिया जाना चाहिए था और वैकल्पिक व्यवस्था की जरूरत थी।








