Ram Mandir Controversy : कथित चोरी को लेकर कांग्रेस का केंद्र सरकार पर हमला, चंदे-चढ़ावे के फॉरेंसिक ऑडिट की मांग

रायगढ़ में कांग्रेस की पत्रकारवार्ता, राम मंदिर ट्रस्ट से वित्तीय पारदर्शिता और स्वतंत्र जांच की उठाई मांग
रायगढ़। राम मंदिर में कथित चोरी और मंदिर से जुड़े चंदे-चढ़ावे की व्यवस्था को लेकर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के निर्देश पर रायगढ़ जिला कांग्रेस कार्यालय में पत्रकारवार्ता आयोजित की गई। कांग्रेस नेताओं ने पूरे मामले की स्वतंत्र जांच, फॉरेंसिक ऑडिट और वित्तीय पारदर्शिता की मांग करते हुए केंद्र सरकार और भाजपा पर सवाल उठाए।
Ram Mandir Controversy पर कांग्रेस ने उठाए सवाल
जिला कांग्रेस अध्यक्ष नगेन्द्र नेगी ने कहा कि भगवान श्रीराम करोड़ों लोगों की आस्था के केंद्र हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि राम मंदिर में कथित चोरी और वित्तीय अनियमितताओं से जुड़े सवालों पर जवाब दिया जाना चाहिए। उनका कहना था कि मंदिर निर्माण के लिए देशभर के श्रद्धालुओं ने अपनी श्रद्धा और मेहनत की कमाई से योगदान दिया है, इसलिए चंदे और चढ़ावे का पूरा हिसाब सार्वजनिक किया जाना चाहिए।
फॉरेंसिक ऑडिट और स्वतंत्र जांच की मांग
जिला प्रभारी प्रेमचंद जायसी ने कहा कि यदि मंदिर की वित्तीय व्यवस्था पूरी तरह पारदर्शी है तो स्वतंत्र जांच और फॉरेंसिक ऑडिट से किसी को आपत्ति नहीं होनी चाहिए। उन्होंने मांग की कि चंदे, चढ़ावे, भूमि खरीद, निर्माण कार्य और अन्य खर्चों का विस्तृत लेखा-जोखा सार्वजनिक किया जाए तथा यदि किसी स्तर पर अनियमितता पाई जाती है तो जिम्मेदार लोगों के खिलाफ निष्पक्ष कार्रवाई हो।
केवल छोटे कर्मचारियों पर कार्रवाई पर्याप्त नहीं : कांग्रेस
जिला कांग्रेस ग्रामीण प्रवक्ता तारेन्द्र डनसेना ने कहा कि यदि कथित चोरी या वित्तीय गड़बड़ी हुई है तो जांच केवल छोटे कर्मचारियों तक सीमित नहीं रहनी चाहिए। उन्होंने कहा कि शीर्ष स्तर पर जवाबदेही तय करते हुए पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराई जानी चाहिए।
पत्रकारवार्ता में कई नेता रहे मौजूद
पत्रकारवार्ता में अनिल अग्रवाल, हरेराम तिवारी, तारेन्द्र डनसेना, विकास ठेठवार, सत्यप्रकाश शर्मा, वशीम खान, संदीप अग्रवाल, रजत गोयल, आरिफ हुसैन सहित कांग्रेस के कई पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।







