Independence Day 2026 : छत्तीसगढ़ सरकार ने जारी किए स्वतंत्रता दिवस समारोह के दिशा-निर्देश, ‘वंदे मातरम्’ के 150 वर्ष पर रहेगा विशेष फोकस

रायपुर में मुख्यमंत्री करेंगे ध्वजारोहण, प्रदेशभर में गरिमामय आयोजन के निर्देश, शहीदों के परिजनों का होगा सम्मान
रायपुर। छत्तीसगढ़ शासन ने स्वतंत्रता दिवस 2026 को पूरे प्रदेश में गरिमामय, भव्य और प्रेरणादायी ढंग से मनाने के लिए विस्तृत दिशा-निर्देश जारी किए हैं। इस वर्ष समारोह का विशेष आकर्षण ‘वंदे मातरम्’ के 150 वर्ष पूरे होने का ऐतिहासिक अवसर रहेगा। शासन ने सभी जिला कलेक्टरों एवं विभागीय प्रमुखों को कार्यक्रमों के सफल आयोजन और समुचित निगरानी के निर्देश दिए हैं।
रायपुर में मुख्यमंत्री करेंगे ध्वजारोहण
राजधानी रायपुर के स्थानीय पुलिस परेड ग्राउंड में 15 अगस्त की सुबह 9 बजे मुख्य राज्य स्तरीय समारोह आयोजित होगा। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ध्वजारोहण कर परेड की सलामी लेंगे तथा प्रदेशवासियों के नाम अपना संदेश देंगे।
Independence Day 2026 समारोह में बीएसएफ, सीआरपीएफ, सीआईएसएफ, आईटीबीपी, एसएसबी, छत्तीसगढ़ सशस्त्र बल (पुरुष एवं महिला), नगर सेना, एनसीसी तथा बैंड प्लाटून की टुकड़ियां परेड में हिस्सा लेंगी।
‘वंदे मातरम्’ का सामूहिक गायन रहेगा अनिवार्य
‘वंदे मातरम्’ के 150 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में सभी शासकीय समारोहों में राष्ट्रगीत ‘वंदे मातरम्’ का सामूहिक गायन अनिवार्य किया गया है। इस ऐतिहासिक अवसर को पूरे प्रदेश में विशेष रूप से मनाया जाएगा।
जिला और ब्लॉक स्तर पर होंगे समारोह
जिला मुख्यालयों में शासन द्वारा नामित मंत्री ध्वजारोहण कर परेड की सलामी लेंगे और मुख्यमंत्री के संदेश का वाचन करेंगे। कार्यक्रमों में स्कूली बच्चों द्वारा सांस्कृतिक प्रस्तुतियां भी दी जाएंगी।
जनपद पंचायत मुख्यालयों में जनपद अध्यक्ष, नगर निकायों में अध्यक्ष तथा ग्राम पंचायतों में सरपंच ध्वजारोहण करेंगे। सभी स्थानों पर राष्ट्रीय गान, देशभक्ति कार्यक्रम और राष्ट्रीय एकता का संदेश दिया जाएगा।
शहीदों और स्वतंत्रता सेनानियों का होगा सम्मान
शासन ने जिला कलेक्टरों को निर्देश दिए हैं कि जिला स्तरीय समारोह में स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों तथा नक्सली हिंसा में शहीद हुए जवानों के परिजनों को सम्मानपूर्वक आमंत्रित कर सम्मानित किया जाए।
इसके साथ ही 15 अगस्त को प्रकाशित होने वाले शासकीय विज्ञापन स्वतंत्रता संग्राम के वीरों और छत्तीसगढ़ के शहीदों को समर्पित होंगे।
सरकारी भवनों पर होगी विशेष रोशनी
स्वतंत्रता दिवस की रात्रि में प्रदेश के सभी शासकीय भवनों, कार्यालयों और राष्ट्रीय महत्व के स्मारकों को आकर्षक रोशनी से सजाया जाएगा। शासन ने आम नागरिकों और निजी संस्थानों से भी अपने भवनों पर राष्ट्रीय ध्वज फहराने और रोशनी करने की अपील की है।







