रायगढ़ : वाहन-जमीन खरीदी के नाम पर 1.10 करोड़ से अधिक की ठगी, आरोपी गिरफ्तार

रायगढ़। वाहन और जमीन खरीदी-बिक्री के नाम पर लोगों से करोड़ों रुपये की धोखाधड़ी करने वाले आरोपी को तमनार पुलिस ने गिरफ्तार किया है। प्रारंभिक जांच में आरोपी द्वारा 10 से 15 लोगों से करीब 1 करोड़ 10 लाख रुपये से अधिक की ठगी किए जाने का मामला सामने आया है।
वाहन कारोबार के नाम पर लिए रुपये
जानकारी के अनुसार, बाजीराव पारा निवासी सद्दाम हुसैन और उनके साथी सुरेश मानिकपुरी ने तमनार थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया कि ग्राम पणिगांव निवासी कृष्ण कुमार साहू (38 वर्ष) वाहन खरीदी-बिक्री का कारोबार करता था।
आरोप है कि कृष्ण कुमार ने वाहन खरीदने-बेचने के नाम पर उनसे लगातार रुपये लिए। जब पीड़ितों ने रकम वापस मांगी तो आरोपी ने अपनी जमीन बेचकर भुगतान करने का भरोसा दिलाया और इस बहाने उनसे और पैसे ले लिए।
जमीन सौदे में भी की धोखाधड़ी
पुलिस के मुताबिक, आरोपी ने अपनी जमीन खसरा नंबर 428/4, रकबा 0.049 हेक्टेयर का 14 अप्रैल 2026 को बिक्री का सौदा किया था। बाद में पता चला कि उसी जमीन की रजिस्ट्री किसी अन्य महिला के नाम कर दी गई।
इस मामले में आरोपी ने सद्दाम हुसैन से 22 लाख रुपये और सुरेश मानिकपुरी से 22 लाख 40 हजार रुपये यानी कुल 44 लाख 40 हजार रुपये नगद एवं बैंक ट्रांसफर के माध्यम से प्राप्त कर धोखाधड़ी की।
कई अन्य लोगों से भी ठगी का खुलासा
जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि आरोपी ने पुरुषोत्तम सिदार, दिनेश शर्मा, संतोष साहू, मनोज सारथी सहित कई अन्य लोगों को भी वाहन खरीदी-बिक्री के नाम पर लाखों रुपये का नुकसान पहुंचाया है।
पुलिस ने आरोपी कृष्ण कुमार साहू को हिरासत में लेकर पूछताछ की, जिसमें उसने अपराध स्वीकार किया।
स्कॉर्पियो और बोलेरो वाहन जब्त
आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने धोखाधड़ी की रकम से खरीदी गई एक स्कॉर्पियो और एक बोलेरो वाहन जब्त किया है। पुलिस अब आरोपी के आर्थिक लेन-देन, संपत्तियों और अन्य संभावित पीड़ितों की जानकारी जुटा रही है।
एसएसपी ने कहा- दोषियों पर होगी कड़ी कार्रवाई
एसएसपी शशि मोहन सिंह ने कहा कि आर्थिक अपराधों में शामिल आरोपियों के खिलाफ पुलिस सख्त कार्रवाई कर रही है। धोखाधड़ी से अर्जित संपत्तियों की भी जांच की जा रही है। किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा। मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई जारी है।







