युवाओं की ऊर्जा और रचनात्मकता से बनेगा विकसित भारत और विकसित छत्तीसगढ़: मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय

युवाओं को राष्ट्र निर्माण से जोड़ने पर मुख्यमंत्री का जोर
रायपुर। मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय ने कहा कि भारत दुनिया के सबसे युवा देशों में से एक है। युवाओं की ऊर्जा, प्रतिभा, रचनात्मकता और नवाचार की क्षमता ही विकसित भारत के निर्माण की सबसे बड़ी शक्ति है। विकसित भारत के साथ विकसित छत्तीसगढ़ के संकल्प को साकार करने के लिए युवाओं को उनकी रुचि और क्षमता के अनुरूप अवसर देकर राष्ट्र निर्माण की प्रक्रिया से व्यापक रूप से जोड़ना जरूरी है।
मुख्यमंत्री आज मंत्रालय महानदी भवन में आयोजित ‘मेरा युवा भारत’ (माय भारत) की प्रदेश स्तरीय समीक्षा बैठक को संबोधित कर रहे थे।
सामाजिक गतिविधियों से बढ़ेगा नेतृत्व और सेवा भाव
मुख्यमंत्री ने कहा कि युवाओं को सामाजिक एवं सामुदायिक गतिविधियों से जोड़ने से उनमें नेतृत्व क्षमता, सेवा भावना, सामाजिक उत्तरदायित्व और राष्ट्र के प्रति समर्पण की भावना मजबूत होगी।
बैठक में विकसित भारत युवा कनेक्ट, यूथ आइकन, विकसित भारत पदयात्रा, सरदार@150 पदयात्रा और ‘नशामुक्त युवा फॉर विकसित भारत’ जैसी विभिन्न गतिविधियों के माध्यम से युवाओं को राष्ट्र निर्माण एवं नेतृत्व से जोड़ने के प्रयासों की जानकारी दी गई।
बस्तर के युवाओं के लिए खुलेंगे अवसरों के नए द्वार
मुख्यमंत्री श्री साय ने बस्तर के युवाओं को माय भारत की गतिविधियों से व्यापक स्तर पर जोड़ने पर विशेष जोर दिया। उन्होंने कहा कि बस्तर नक्सलवाद की हिंसा और भय के दौर को पीछे छोड़कर शांति, विश्वास और विकास की नई दिशा में आगे बढ़ रहा है। ऐसे समय में बस्तर के युवाओं को राष्ट्र निर्माण की गतिविधियों से जोड़ना अत्यंत महत्वपूर्ण है।
उन्होंने कहा कि लंबे समय तक परिस्थितियों के कारण विकास की मुख्यधारा से दूर रहे युवाओं के लिए अब नए अवसरों के द्वार खुल रहे हैं। माय भारत से जुड़ने से युवाओं का आत्मविश्वास बढ़ेगा, उनकी प्रतिभा को पहचान मिलेगी और उन्हें अपनी क्षमता के अनुरूप आगे बढ़ने के अवसर मिलेंगे।
बस्तर ओलंपिक और बस्तर पंडुम ने दिया मंच
मुख्यमंत्री ने कहा कि डबल इंजन सरकार के प्रयासों से बस्तर के सुदूर क्षेत्रों तक विकास और अवसर पहुंच रहे हैं। पिछले दो वर्षों में बस्तर ओलंपिक और बस्तर पंडुम जैसे आयोजनों ने बड़ी संख्या में युवाओं को अपनी खेल प्रतिभा, कला और संस्कृति प्रदर्शित करने का मंच उपलब्ध कराया है।
उन्होंने कहा कि इसी प्रकार माय भारत के माध्यम से भी बस्तर के युवाओं को शिक्षा, खेल, कला, संस्कृति, सामाजिक सेवा और अन्य क्षेत्रों में आगे बढ़ने तथा नेतृत्व करने के अवसर दिए जाएं।
युवाओं की भागीदारी से मजबूत होगा विकसित छत्तीसगढ़ का संकल्प
मुख्यमंत्री ने कहा कि युवाओं की सक्रिय भागीदारी के बिना विकसित भारत और विकसित छत्तीसगढ़ के लक्ष्य को हासिल करना संभव नहीं है। युवाओं की प्रतिभा और ऊर्जा को सकारात्मक दिशा देकर उन्हें समाज और राष्ट्र के विकास से जोड़ना सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल है।






