केरल में दर्दनाक सड़क हादसा: लॉरी से टकराई कार, आठ छात्रों की मौत

त्रिशूर। केरल के त्रिशूर जिले से शुक्रवार रात एक बेहद दर्दनाक सड़क हादसा सामने आया है। हाईवे किनारे खड़ी लॉरी से एक तेज रफ्तार कार की जोरदार टक्कर हो गई। हादसा इतना भीषण था कि कार में सवार सभी आठ लोगों की मौके पर ही मौत हो गई।
खड़ी लॉरी में जा भिड़की कार
जानकारी के मुताबिक हादसा शुक्रवार देर रात हुआ। हाईवे के किनारे एक लॉरी खड़ी थी। इसी दौरान वहां से गुजर रही कार अनियंत्रित होकर लॉरी से जा टकराई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और उसमें सवार लोगों को बाहर निकालना मुश्किल हो गया।
स्थानीय लोगों ने बचाव में की मदद
दुर्घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची। स्थानीय लोगों की मदद से राहत और बचाव कार्य शुरू किया गया। कड़ी मशक्कत के बाद क्षतिग्रस्त कार से सभी शवों को बाहर निकाला गया। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।
तमिलनाडु के रहने वाले थे मृतक
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार हादसे में जान गंवाने वाले सभी आठ लोग पड़ोसी राज्य तमिलनाडु के रहने वाले छात्र बताए जा रहे हैं। हादसे की खबर सामने आने के बाद मृतकों के परिवारों में मातम पसरा हुआ है।
हादसे की वजह की जांच में जुटी पुलिस
पुलिस ने दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है। कार किस वजह से अनियंत्रित हुई और हाईवे किनारे खड़ी लॉरी की स्थिति क्या थी, इन सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। पुलिस द्वारा हादसे से जुड़े अन्य तथ्यों की भी जानकारी जुटाई जा रही है।






