Mahtari Vandan Yojana: छत्तीसगढ़ की 67 लाख से ज्यादा महिलाओं को आज मिलेगी 632 करोड़ की सौगात, CM साय जारी करेंगे 32वीं किस्त

Mahtari Vandan Yojana: मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय आज दुर्ग में आयोजित कार्यक्रम के दौरान महतारी वंदन योजना की 32वीं किस्त जारी करेंगे। DBT के जरिए प्रदेश की 67 लाख 38 हजार 217 महिलाओं के बैंक खातों में 632 करोड़ 40 लाख रुपए की राशि ट्रांसफर की जाएगी।
दुर्ग। छत्तीसगढ़ की महिलाओं के लिए आज का दिन अहम रहने वाला है। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय गुरुवार को दुर्ग में आयोजित कार्यक्रम के दौरान महतारी वंदन योजना की 32वीं किस्त जारी करेंगे। मुख्यमंत्री रिमोट का बटन दबाकर राशि का Online Transfer करेंगे। इस दौरान महिला एवं बाल विकास मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े भी मौजूद रहेंगी।
67 लाख से ज्यादा महिलाओं के खाते में पहुंचेगी राशि
महतारी वंदन योजना की 32वीं किस्त के तहत प्रदेश की 67 लाख 38 हजार 217 महिला हितग्राहियों के बैंक खातों में DBT के माध्यम से कुल 632 करोड़ 40 लाख रुपए ट्रांसफर किए जाएंगे।
राज्य सरकार के मुताबिक योजना के तहत अब तक 31 किस्तों में 20,075.71 करोड़ रुपए महिलाओं के खातों में सीधे जमा किए जा चुके हैं। 32वीं किस्त जारी होने के बाद हितग्राहियों को कुल भुगतान राशि 20,708.11 करोड़ रुपए हो जाएगी।
CM साय बोले- महिलाओं का सशक्तिकरण सरकार की प्राथमिकता
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि महिलाओं का सम्मान, सशक्तिकरण और आत्मनिर्भरता राज्य सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। उनके मुताबिक किसी भी समाज और राज्य की प्रगति महिलाओं के आर्थिक और सामाजिक सशक्तिकरण के बिना संभव नहीं है।
उन्होंने कहा कि Mahtari Vandan Yojana महिलाओं को आर्थिक सुरक्षा देने के साथ उनके आत्मविश्वास और निर्णय लेने की क्षमता को भी मजबूत कर रही है। योजना के माध्यम से प्रदेश की माताओं और बहनों के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाने का प्रयास किया जा रहा है।
क्या है महतारी वंदन योजना?
छत्तीसगढ़ में बीजेपी सरकार बनने के बाद 1 मार्च 2024 से महतारी वंदन योजना लागू की गई थी। इसके तहत 21 वर्ष या उससे अधिक उम्र की पात्र विवाहित महिलाओं को हर महीने 1,000 रुपए की आर्थिक सहायता सीधे उनके बैंक खातों में DBT के जरिए दी जाती है।
योजना की राशि का उपयोग महिलाएं परिवार की जरूरतों, बच्चों की शिक्षा, स्वास्थ्य, पोषण और छोटे स्वरोजगार से जुड़े कार्यों में कर रही हैं। सरकार का उद्देश्य महिलाओं को आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाने के साथ उनके सामाजिक और आर्थिक सशक्तिकरण को बढ़ावा देना है।
पहली किस्त में 70 लाख से ज्यादा महिलाओं को मिला था लाभ
योजना के लिए कुल 70 लाख 27 हजार 154 महिलाओं ने आवेदन किया था। इनमें पात्र पाए गए 70 लाख 09 हजार 578 हितग्राहियों को 10 मार्च 2024 को पहली बार सहायता राशि का भुगतान किया गया था। यह राशि भी DBT के माध्यम से सीधे महिला हितग्राहियों के बैंक खातों में भेजी गई थी।
CM साय देंगे दुर्ग को विकास कार्यों की सौगात
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के दुर्ग प्रवास के दौरान जिले को कई विकास कार्यों की सौगात भी मिलेगी। कार्यक्रम में विभिन्न विकास कार्यों का भूमिपूजन और लोकार्पण किया जाएगा। संबंधित विभागों को कार्यक्रम से जुड़ी तैयारियां पूरी करने के निर्देश दिए गए हैं।
सेवा सेतु कार्यक्रम में होंगे शामिल
मुख्यमंत्री साय गुरुवार को करीब 12:05 बजे प्रथम बटालियन भिलाई स्थित हेलीपैड पहुंचेंगे। इसके बाद सड़क मार्ग से रविशंकर स्टेडियम दुर्ग के लिए रवाना होंगे और करीब 12:10 बजे स्टेडियम पहुंचेंगे।
दोपहर 2 बजे से 2:30 बजे तक मुख्यमंत्री सेवा सेतु कार्यक्रम में शामिल होंगे। कार्यक्रम के बाद वे रविशंकर स्टेडियम से प्रथम बटालियन भिलाई हेलीपैड के लिए रवाना होंगे और करीब 2:40 बजे हेलीकॉप्टर से रायपुर के लिए रवाना होंगे।





