रायगढ़ : रायकेरा में दोहरे हत्याकांड का 24 घंटे में खुलासा, दो आरोपियों को गिरफ्तार

रायगढ़ । रायकेरा गाँव में हुई दोहरे हत्याकांड की गुत्थी पुलिस ने महज 24 घंटे में सुलझा ली है। घरघोड़ा पुलिस ने मामले में शामिल दो आरोपियों—रविशंकर सिदार (26) और रामप्रसाद सिदार उर्फ गरिहा (83)—को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।
पुलिस के अनुसार, इस हत्याकांड का कारण एनटीपीसी मुआवजा राशि को लेकर चल रहा पुराना विवाद था। घटना के समय मृतक घुराउ राम सिदार (55) और उनकी सास सुकमेत उर्फ सुखमेत सिदार (70) घर में ही मृत पाए गए थे। जांच में पता चला कि दोनों की गला दबाकर हत्या की गई थी।
जानकारी के मुताबिक, 3 अक्टूबर को कोटवार सकिर्तन राठिया ने पुलिस को शव की सूचना दी। तुरंत एसडीओपी धरमजयगढ़, घरघोड़ा पुलिस और एफएसएल टीम मौके पर पहुंचे। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट में मौत का कारण गला दबाने और मारपीट बताया गया।
पुलिस ने गहन जांच के बाद मृतक के बेटे रविशंकर सिदार और रामप्रसाद सिदार से पूछताछ की। पूछताछ में दोनों ने अपराध स्वीकार किया। आरोपियों ने बताया कि विवाद के चलते 2 अक्टूबर की शाम को रविशंकर ने अपने पिता घुराउ राम सिदार की रस्सी से गला घोंटकर हत्या की। घटना के समय जब सुखमेत ने विरोध किया तो आरोपियों ने उन्हें भी गला दबाकर मार डाला।
पुलिस ने आरोपियों के निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त रस्सी भी बरामद की है। इस सफलता के लिए पुलिस अधीक्षक दिव्यांग कुमार पटेल और एसडीओपी धरमजयगढ़ सिद्धांत तिवारी के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी निरीक्षक कुमार गौरव की टीम की सराहना की जा रही है।












