शहर के मेन मार्केट को जाम से राहत देने निगम बनाएगा एक और वैकल्पिक सड़क

नगर निगम और जिला अस्पताल के बीच से गौरीशंकर मंदिर रोड तक बनेगी नई सड़क, भीड़भाड़ के दौरान वाहनों को मिलेगा दूसरा रास्ता
रायगढ़। शहर के मुख्य बाजार क्षेत्र में लगातार बढ़ते ट्रैफिक जाम से राहत दिलाने के लिए नगर निगम अब एक और वैकल्पिक सड़क बनाने की तैयारी कर रहा है। नगर निगम भवन और जिला अस्पताल के बीच से नई सड़क का निर्माण किया जाएगा, जो सीधे गौरीशंकर मंदिर रोड से जुड़ेगी। इससे मुख्य बाजार में जाम की स्थिति बनने पर वाहन चालकों को आवागमन के लिए एक अतिरिक्त मार्ग मिल सकेगा।
शहर की आबादी बढ़ने के साथ वाहनों की संख्या में भी लगातार इजाफा हो रहा है। हर साल बड़ी संख्या में नए वाहन सड़कों पर उतर रहे हैं, लेकिन शहर की पुरानी सड़कों की चौड़ाई लगभग पहले जैसी ही है। व्यावसायिक निर्माणों के बढ़ने और पर्याप्त पार्किंग की व्यवस्था नहीं होने से यातायात का दबाव और बढ़ गया है। त्योहारी सीजन में मुख्य बाजार की सड़कों पर जाम की समस्या अधिक गंभीर हो जाती है।
मुख्य बाजार की कई सड़कों पर जाम से परेशानी
शहर में गोपी टॉकीज से गौरीशंकर मंदिर रोड, रामनिवास टॉकीज रोड, सुभाष चौक, गांधी पुतला, हंडी चौक, गद्दी चौक, लाल टंकी रोड और केवड़ाबाड़ी चौक जैसे इलाकों में अक्सर यातायात का दबाव बना रहता है। इन मार्गों पर वाहनों की आवाजाही अधिक होने के कारण लोगों को जाम का सामना करना पड़ता है।
मुख्य बाजार क्षेत्र की सड़कों को चौड़ा करना आसान नहीं है। ऐसे में नगर निगम वैकल्पिक मार्गों के निर्माण के जरिए यातायात का दबाव कम करने की दिशा में काम कर रहा है। इसी क्रम में केनाल लिंक रोड और बड़पारा रोड का निर्माण कराया जा रहा है। अब नगर निगम और जिला अस्पताल के बीच प्रस्तावित सड़क को भी इसी योजना से जोड़कर देखा जा रहा है।
गौरीशंकर मंदिर रोड से जुड़ेगा नया मार्ग
प्रस्तावित सड़क नगर निगम भवन के बाजू से निकलकर जिला अस्पताल और निगम कार्यालय के बीच से होते हुए गौरीशंकर मंदिर रोड तक पहुंचेगी। यह सड़क मौजूदा मार्ग के समानांतर होगी। इससे मुख्य सड़क पर वाहनों का दबाव बढ़ने या जाम लगने की स्थिति में लोगों को आने-जाने के लिए दूसरा विकल्प मिल सकेगा।






