रायगढ़

दीपावली पर पटाखे फोड़ने के विवाद में युवक से मारपीट और अपहरण का मामला, फरार आरोपी दीप अग्रवाल गिरफ्तार

Advertisement
Advertisement Carousel

कोतवाली पुलिस ने आरोपी के पास से घटना का वीडियो बनाने में इस्तेमाल ओप्पो मोबाइल किया जब्त, तीन अन्य आरोपियों की तलाश जारी

रायगढ़। दीपावली की रात पटाखे फोड़ने की बात को लेकर हुए विवाद के बाद युवक के घर में घुसकर मारपीट करने और जबरन कार में बैठाकर ले जाने के मामले में कोतवाली पुलिस ने फरार आरोपी दीप अग्रवाल को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, आरोपी ने मारपीट में शामिल होने के साथ घटना का वीडियो भी बनाया था। उसके कब्जे से वीडियो बनाने में इस्तेमाल ओप्पो कंपनी का मोबाइल फोन जब्त किया गया है। गिरफ्तार आरोपी को न्यायालय में पेश करने के बाद रिमांड पर भेज दिया गया है। मामले के तीन अन्य आरोपी अब भी फरार हैं।

सिग्नल चौक पर पटाखे फोड़ने के दौरान शुरू हुआ विवाद

पुलिस के मुताबिक, हण्डी चौक निवासी 18 वर्षीय निमिश अग्रवाल ने 9 नवंबर 2026 को कोतवाली थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। उसने बताया कि 8 नवंबर की रात करीब 11 बजे वह अपने साथी आकर्ष शर्मा के साथ सिग्नल चौक के पास पटाखे फोड़ रहा था। इसी दौरान वहां मौजूद हनी अग्रवाल, अरुण शर्मा, लक्ष्य शुक्ला और अन्य युवकों ने कमेंट करते हुए गाली-गलौज शुरू कर दी। विरोध करने पर हनी अग्रवाल और अरुण शर्मा ने निमिश के साथ कॉलर पकड़कर हाथ-मुक्कों और थप्पड़ों से मारपीट की। बीच-बचाव करने पहुंचे आकर्ष शर्मा के सिर पर अरुण शर्मा ने हाथ में पहने कड़े से वार कर दिया। घटना के बाद दोनों अपने-अपने घर लौट गए।

सुबह घर में घुसकर की मारपीट, जबरन कार में बैठाकर ले गए

निमिश के अनुसार, 9 नवंबर की सुबह करीब 7 बजे जब वह घर में सो रहा था, तभी अरुण शर्मा, हनी अग्रवाल, लक्ष्य शुक्ला और दीप अग्रवाल सफेद रंग की ऑल्टो कार से पहुंचे। आरोपियों ने जबरन घर में घुसकर पटाखे फोड़ने की बात को लेकर गाली-गलौज और मारपीट शुरू कर दी। इस दौरान अरुण शर्मा ने जूता निकालकर उसके सिर पर वार किया और जान से मारने की धमकी दी।

इसके बाद आरोपी निमिश को जबरन कार में बैठाकर बोईरदादर स्टेडियम के आगे एचपी गैस एजेंसी के पास सड़क पर ले गए, जहां उसके साथ दोबारा मारपीट की गई। पुलिस के अनुसार, घटना का वीडियो हनी अग्रवाल ने बनाया था। बाद में आरोपी युवक को हण्डी चौक के पास छोड़कर फरार हो गए।

गैर जमानती धाराओं में दर्ज किया गया अपराध

मामले की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी शशि मोहन सिंह के दिशा-निर्देशन में कोतवाली पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ अपराध क्रमांक 660/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 296, 351(3), 115(2), 333, 140(3) और 3(5) में मामला दर्ज किया। इसके बाद आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम ने पतासाजी शुरू की।

मोबाइल जब्त, तीन अन्य आरोपियों की तलाश जारी

विवेचना के दौरान 12 नवंबर को पुलिस ने फरार आरोपी दीप अग्रवाल (26 वर्ष), पिता रविन्द्र अग्रवाल, निवासी विकास नगर गली नंबर-3, कोतरारोड़, रायगढ़ को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पुलिस के मुताबिक, पूछताछ में आरोपी ने अपराध स्वीकार किया। उसके पास से घटना का वीडियो बनाने में इस्तेमाल ओप्पो कंपनी का मोबाइल फोन विधिवत जब्त किया गया।

Advertisement
Advertisement

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button