पुणे में काम करने गए छत्तीसगढ़ के श्रमिक ने लगाया शोषण का आरोप, चार महीने काम के बाद भी भुगतान को लेकर शिकायत

बड़ेराजपुर विकासखंड के कोरगांव निवासी प्रदीप नेताम ने मातोश्री बोरवेल्स कंपनी में मजदूरी के दौरान कथित परेशानी की दी जानकारी
रोजगार की तलाश में पहुंचा था पुणे
रोजगार की तलाश में ग्रामीण अंचलों के कई युवा बेहतर भविष्य और परिवार की आर्थिक स्थिति सुधारने की उम्मीद लेकर दूसरे राज्यों का रुख करते हैं। लेकिन कई बार उन्हें काम के बदले उचित पारिश्रमिक नहीं मिलने और कथित प्रताड़ना जैसी समस्याओं का सामना करना पड़ता है। ऐसा ही मामला बड़ेराजपुर विकासखंड के कोरगांव निवासी प्रदीप नेताम का सामने आया है। उन्होंने महाराष्ट्र के पुणे में एक बोरवेल्स कंपनी में काम करने के दौरान अपने साथ कथित शोषण होने की जानकारी दी है।
13 हजार रुपये मासिक वेतन पर तय हुआ था काम
प्राप्त जानकारी के अनुसार, कोरगांव निवासी प्रदीप नेताम, पिता तिलक राम नेताम, रोजगार की तलाश में महाराष्ट्र के पुणे स्थित मातोश्री बोरवेल्स कंपनी में काम करने गया था। वहां वह बोरवेल वाहन में मजदूरी करता था। काम शुरू करने से पहले उसे प्रतिमाह 13 हजार रुपये वेतन देने की बात तय हुई थी।
परिवार की आर्थिक जरूरतों को पूरा करने और बेहतर भविष्य की उम्मीद में प्रदीप ने कंपनी में काम शुरू किया। वह लगातार करीब चार महीने तक वहां अपनी सेवाएं देता रहा।





