छत्तीसगढ़

छत्तीसगढ़ में 7 लाख बिजली उपभोक्ताओं पर कनेक्शन कटने का खतरा, 31 दिसंबर तक बिल जमा करने का मौका

Advertisement
Advertisement Carousel

मुख्यमंत्री समाधान योजना के बावजूद नहीं किया भुगतान, समयसीमा खत्म होने के बाद बिजली कंपनी शुरू करेगी कार्रवाई; बकाया राशि पर फिर लगेगा सरचार्ज

रायपुर। छत्तीसगढ़ में बिजली बिल के बकायादारों को दी गई राहत का लाभ नहीं लेने वाले उपभोक्ताओं पर अब बिजली कंपनी कार्रवाई की तैयारी में है। मुख्यमंत्री समाधान योजना के तहत पुराने बिजली बिलों पर सरचार्ज माफ करने और मूल बकाया राशि में छूट देने के बावजूद करीब 7 लाख उपभोक्ताओं ने अब तक एक रुपया भी जमा नहीं किया है।

बिजली कंपनी ने ऐसे उपभोक्ताओं को 31 दिसंबर 2026 तक भुगतान करने का अंतिम मौका दिया है। निर्धारित समयसीमा के बाद बकायादारों के बिजली कनेक्शन काटने की कार्रवाई की जाएगी। पूरा बकाया जमा होने तक कनेक्शन दोबारा नहीं जोड़ा जाएगा। वहीं, योजना की छूट समाप्त होने के बाद बकाया राशि पर फिर से सरचार्ज लगना शुरू हो जाएगा।

20.50 लाख उपभोक्ताओं पर था 2421 करोड़ रुपये बकाया

मुख्यमंत्री समाधान योजना के तहत प्रदेश के बिजली उपभोक्ताओं को पुराने बकाया बिलों में राहत देने की पहल की गई थी। उपलब्ध आंकड़ों के मुताबिक, राज्य के करीब 20 लाख 50 हजार उपभोक्ताओं पर कुल 2421 करोड़ रुपये का बिजली बिल बकाया था।

योजना के तहत 13 लाख 54 हजार उपभोक्ताओं को कुल 797 करोड़ रुपये की छूट दी गई। इसमें 352 करोड़ रुपये मूल बकाया राशि और 445 करोड़ रुपये सरचार्ज के रूप में माफ किए गए।

राहत के बावजूद अब तक केवल 125.67 करोड़ रुपये जमा

बिजली बिल में बड़ी छूट मिलने के बावजूद भुगतान की स्थिति अपेक्षा के अनुरूप नहीं रही। योजना के तहत अब तक केवल 125 करोड़ 67 लाख रुपये ही जमा हो पाए हैं। इसके बाद भी बिजली कंपनी को करीब 1500 करोड़ रुपये से अधिक की राशि वसूलनी बाकी है।

घरेलू उपभोक्ताओं के साथ कंपनियों और सरकारी विभागों पर भी बकाया

बिजली कंपनी के मुताबिक, बकाया राशि में घरेलू उपभोक्ताओं के अलावा निजी कंपनियां और सरकारी विभाग भी शामिल हैं। लगातार अपील किए जाने के बावजूद भुगतान की रफ्तार धीमी बनी हुई है। वहीं, कुछ उपभोक्ताओं ने योजना के तहत पंजीयन तक नहीं कराया है।

समयसीमा के बाद शुरू होगी कनेक्शन काटने की कार्रवाई

बिजली कंपनी ने अब वसूली अभियान तेज करने का फैसला लिया है। 31 दिसंबर 2026 तक बकाया भुगतान नहीं करने वाले उपभोक्ताओं के बिजली कनेक्शन काटे जा सकते हैं। कनेक्शन दोबारा जुड़वाने के लिए पूरी बकाया राशि का भुगतान करना होगा। इसके साथ ही योजना के तहत मिलने वाली छूट समाप्त होने पर बकाया रकम पर सरचार्ज भी फिर से लागू होगा।

Advertisement
Advertisement

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button