
राज्यपाल रमेन डेका होंगे मुख्य अतिथि, मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय करेंगे कार्यक्रम की अध्यक्षता; गौर, राउत नाचा, पंथी और करमा सहित दिखेगी प्रदेश की सांस्कृतिक विरासत
रायपुर। देश की राजधानी दिल्ली में शुक्रवार को छत्तीसगढ़ की समृद्ध लोककला और सांस्कृतिक विरासत की अनूठी झलक देखने को मिलेगी। अंतरराष्ट्रीय व्यापार मेले के अंतर्गत भारत मंडपम में छत्तीसगढ़ राज्य दिवस का आयोजन किया जा रहा है। इस अवसर पर प्रदेश की पारंपरिक संस्कृति, लोकनृत्य और आदिवासी विरासत को राष्ट्रीय मंच पर प्रदर्शित किया जाएगा। कार्यक्रम में राज्यपाल रमेन डेका मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे, जबकि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय आयोजन की अध्यक्षता करेंगे।
शाम 5 बजे से सजेगी सांस्कृतिक संध्या
भारत मंडपम के एम्फी थिएटर-01 में शाम 5 बजे से विशेष सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित होगा। आयोजन की सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। इस दौरान छत्तीसगढ़ के सात प्रमुख लोकनृत्यों की रंगारंग प्रस्तुतियों के माध्यम से प्रदेश की सांस्कृतिक विविधता और पारंपरिक जीवनशैली को प्रदर्शित किया जाएगा।
कार्यक्रम में गौर, गौरा-गौरी, भोजली, राउत नाचा, सुआ, पंथी और करमा नृत्य की प्रस्तुतियां होंगी। इनके जरिए देश-विदेश से पहुंचे दर्शकों को छत्तीसगढ़ की लोककला, आस्था और सामाजिक परंपराओं को करीब से जानने का अवसर मिलेगा।
सात लोकनृत्यों में दिखेगी छत्तीसगढ़ की पहचान
छत्तीसगढ़ के प्रत्येक लोकनृत्य की अपनी विशिष्ट पहचान और ऐतिहासिक पृष्ठभूमि है। गौर नृत्य के माध्यम से बस्तर की जनजातीय संस्कृति और पारंपरिक जीवनशैली की झलक प्रस्तुत की जाएगी। वहीं, गौरा-गौरी नृत्य में भगवान शिव और माता पार्वती की आराधना से जुड़ी धार्मिक मान्यताओं को दर्शाया जाएगा।
भोजली नृत्य प्रदेश की लोकआस्था और पारंपरिक रीति-रिवाजों को सामने लाएगा, जबकि राउत नाचा छत्तीसगढ़ की यादव समुदाय से जुड़ी समृद्ध लोकपरंपरा का परिचय देगा। सुआ नृत्य के माध्यम से महिलाओं की पारंपरिक लोकसंस्कृति, पंथी नृत्य के जरिए सतनाम पंथ की आध्यात्मिक विरासत और करमा नृत्य के माध्यम से आदिवासी समाज की प्रकृति से जुड़ी सांस्कृतिक परंपराओं का प्रदर्शन किया जाएगा।
राष्ट्रीय मंच पर मिलेगी छत्तीसगढ़ की संस्कृति को पहचान
भारत मंडपम में आयोजित यह सांस्कृतिक संध्या छत्तीसगढ़ की लोककलाओं और परंपराओं को देशभर के दर्शकों तक पहुंचाने का अवसर बनेगी। सात लोकनृत्यों की प्रस्तुतियों के माध्यम से प्रदेश की विविध सांस्कृतिक पहचान, जनजातीय विरासत और पारंपरिक जीवनशैली को राष्ट्रीय स्तर पर प्रदर्शित किया जाएगा।





