छत्तीसगढ़

छत्तीसगढ़ में अगले दिनों तक जारी रहेगा बारिश का दौर, 5 जिलों में येलो अलर्ट; बिजली गिरने और तेज हवाओं की चेतावनी

Advertisement
Advertisement Carousel

रायपुर। छत्तीसगढ़ में चक्रवाती मौसम प्रणाली के प्रभाव से मौसम का मिजाज बदल गया है। प्रदेश के कई हिस्सों में बारिश हो रही है और आगामी दिनों में भी वर्षा का सिलसिला जारी रहने की संभावना है। मौसम विभाग ने शनिवार, 21 नवंबर 2026 को प्रदेश के अनेक स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश का अनुमान जताया है। वहीं, कुछ इलाकों में भारी वर्षा की आशंका के साथ गरज-चमक, आकाशीय बिजली और 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की चेतावनी जारी की गई है।

पांच जिलों में येलो अलर्ट जारी

मौसम केंद्र रायपुर ने शनिवार सुबह 4 बजे तत्कालिक मौसम चेतावनी जारी की। इसके तहत पेंड्रा रोड, कोरबा, जांजगीर, बिलासपुर और मुंगेली के कुछ हिस्सों में हल्की बारिश होने की संभावना जताई गई। यह चेतावनी सुबह 7 बजे तक प्रभावी थी। मौसम विभाग ने प्रदेश के कुछ स्थानों पर भारी बारिश और बिजली गिरने की आशंका भी जताई है। लोगों को खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने की सलाह दी गई है।

कमजोर पड़ा चक्रवाती सिस्टम, फिर भी बारिश का असर बरकरार

मौसम विभाग के विश्लेषण के अनुसार, दक्षिणी तटीय ओडिशा और उससे लगे उत्तरी तटीय आंध्र प्रदेश के आसपास सक्रिय चक्रवाती प्रणाली अब कमजोर पड़ चुकी है। यह सिस्टम पहले गंभीर चक्रवाती तूफान ‘अकवान’ के रूप में सक्रिय था, जो बाद में डीप डिप्रेशन में बदल गया।

उत्तर दिशा में बढ़ा था मौसम सिस्टम

20 नवंबर को दोपहर 2:30 बजे जारी मौसम विश्लेषण के मुताबिक, संबंधित सिस्टम पिछले छह घंटों के दौरान 15 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से उत्तर दिशा की ओर बढ़ा था। उस समय इसकी स्थिति 20.0 डिग्री उत्तरी अक्षांश और 84.9 डिग्री पूर्वी देशांतर के आसपास दर्ज की गई थी।

कई प्रमुख शहरों के आसपास था सिस्टम का केंद्र

मौसम विभाग के अनुसार, इसका केंद्र गोपालपुर से लगभग 80 किलोमीटर उत्तर, अंगुल से 90 किलोमीटर दक्षिण-दक्षिण पश्चिम और पुरी से करीब 100 किलोमीटर पश्चिम-उत्तर पश्चिम में स्थित था। विभाग ने इसके आगे कमजोर होकर कम दबाव वाले क्षेत्र में तब्दील होने का अनुमान जताया था। हालांकि, चक्रवाती प्रणाली कमजोर होने के बावजूद इसके प्रभाव से छत्तीसगढ़ में बारिश की गतिविधियां जारी रहने की संभावना है।

Advertisement
Advertisement

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button