औद्योगिक नगरी रायगढ़ के मुक्तिधाम की बदहाली पर उठे सवाल, मरीन ड्राइव में भव्य मुक्तिधाम बनाने की मांग

प्रकाश निगानिया ने वित्त मंत्री ओपी चौधरी और शासन-प्रशासन से की पहल की अपील, बोले- अंतिम विदाई के लिए नागरिकों को मिले सम्मानजनक और सर्वसुविधायुक्त परिसर
रायगढ़। औद्योगिक नगरी रायगढ़ में विकास और सौंदर्यीकरण के कई कार्य हो रहे हैं, लेकिन शहर के कयाघाट स्थित मुक्तिधाम की बदहाल स्थिति नागरिकों के लिए चिंता का विषय बनी हुई है। जीवन की अंतिम यात्रा से जुड़े इस महत्वपूर्ण स्थल पर बुनियादी सुविधाओं का अभाव है। ऐसे में शहर में मरीन ड्राइव क्षेत्र में एक नए, भव्य और सर्वसुविधायुक्त मुक्तिधाम के निर्माण की मांग उठने लगी है।
कयाघाट मुक्तिधाम में अव्यवस्थाओं से लोग परेशान
मुक्तिधाम परिसर में जगह-जगह कचरे का ढेर लगा रहता है। फर्श टूट चुके हैं और लगातार काई जमी रहने से लोगों के फिसलने तथा दुर्घटना होने का खतरा बना रहता है। वहीं, मरीन ड्राइव निर्माण के कारण मुक्तिधाम की काफी जमीन भी प्रभावित हुई है, जिससे परिसर का क्षेत्रफल पहले की तुलना में सीमित हो गया है। अंतिम संस्कार के दौरान पहुंचने वाले परिजनों और नागरिकों को इन अव्यवस्थाओं के कारण परेशानियों का सामना करना पड़ता है।
दूसरे शहरों में बेहतर व्यवस्थाएं, रायगढ़ में क्यों नहीं?
रायगढ़ एक प्रमुख औद्योगिक नगरी है, जहां बड़े उद्योगों और विकास परियोजनाओं के साथ आधुनिक सुविधाओं का विस्तार हो रहा है। इसके बावजूद मुक्तिधाम की बदहाली चिंताजनक है। दूसरी ओर कोरबा, सक्ती, बिलासपुर और ओडिशा के संबलपुर जैसे शहरों में व्यवस्थित एवं बेहतर सुविधाओं वाले मुक्तिधाम विकसित किए गए हैं। ऐसे में सवाल उठ रहा है कि रायगढ़ को भी आधुनिक और व्यवस्थित मुक्तिधाम की सुविधा कब मिलेगी।
मरीन ड्राइव क्षेत्र में नए मुक्तिधाम की मांग
इस मामले में शहरवासी एवं सामाजिक कार्यकर्ता प्रकाश निगानिया ने जनहित में पहल करते हुए शासन-प्रशासन, नगर निगम और रायगढ़ विधायक एवं प्रदेश के वित्त मंत्री ओपी चौधरी से मरीन ड्राइव क्षेत्र में नए भव्य मुक्तिधाम के निर्माण की मांग की है। उन्होंने आग्रह किया है कि इस महत्वपूर्ण विषय को प्राथमिकता देते हुए निर्माण की दिशा में गंभीरता से पहल की जाए।
सर्वसमाज के लिए हो सम्मानजनक व्यवस्था
प्रकाश निगानिया ने कहा कि मुक्तिधाम किसी एक समाज, वर्ग या परिवार की जरूरत नहीं, बल्कि पूरे समाज की साझा आवश्यकता है। जीवन के अंतिम पड़ाव पर प्रत्येक व्यक्ति को इस स्थान पर आना होता है। इसलिए यहां ऐसी व्यवस्थाएं होनी चाहिए, जहां हर वर्ग के लोगों को स्वच्छ, शांत और सम्मानजनक वातावरण मिल सके।
शेड से लेकर गार्डन तक हों सभी जरूरी सुविधाएं
प्रस्तावित मुक्तिधाम में पर्याप्त जगह, व्यवस्थित अंतिम संस्कार स्थल, मजबूत एवं स्वच्छ फर्श, शेड, पेयजल, प्रकाश व्यवस्था, बैठने की सुविधा और शौचालय की व्यवस्था होनी चाहिए। इसके साथ ही नियमित साफ-सफाई और सुंदर गार्डन विकसित किया जाना चाहिए। परिसर के बेहतर रखरखाव की भी स्थायी व्यवस्था सुनिश्चित करने की जरूरत है।
शहर के सम्मान से जुड़ी है मुक्तिधाम की मांग
प्रकाश निगानिया ने कहा कि यह मांग किसी व्यक्तिगत सुविधा की नहीं, बल्कि पूरे रायगढ़ शहर के सम्मान और आवश्यकता से जुड़ी है। नागरिकों को अपने प्रियजनों को अंतिम विदाई देने के लिए स्वच्छ, शांत और गरिमापूर्ण वातावरण मिलना चाहिए। उन्होंने शासन-प्रशासन और जनप्रतिनिधियों से इस मांग पर सकारात्मक निर्णय लेकर रायगढ़ में आधुनिक एवं सर्वसुविधायुक्त मुक्तिधाम के निर्माण की पहल करने की अपील की।





