छत्तीसगढ़

बैलाडीला में NMDC की खनन गतिविधियों पर उठे सवाल, 3 किलोमीटर तक जंगल में फैला मलबा; वन विभाग करेगा कार्रवाई

Advertisement
Advertisement Carousel

दंतेवाड़ा के डिपॉजिट नंबर-14 में खनन के बाद सुरक्षित वन क्षेत्र तक पहुंचा मलबा, पेड़-पौधों को नुकसान की आशंका; मलबा स्थिर होने के बाद होगी जांच

खनन के मलबे से जंगल को नुकसान की आशंका

दंतेवाड़ा। छत्तीसगढ़ के दंतेवाड़ा जिले के बैलाडीला क्षेत्र में खनन गतिविधियों को लेकर सरकारी कंपनी NMDC (नेशनल मिनरल डेवलपमेंट कॉर्पोरेशन) की मुश्किलें बढ़ सकती हैं। आरोप है कि लौह अयस्क खनन के दौरान निकला अनुपयोगी मलबा निर्धारित क्षेत्र से बाहर फैलकर जंगल तक पहुंच गया है। इससे सुरक्षित वन क्षेत्र के पेड़-पौधों को बड़े पैमाने पर नुकसान पहुंचने की आशंका जताई जा रही है। मामले को लेकर वन विभाग कंपनी के खिलाफ कार्रवाई की तैयारी कर रहा है।

डिपॉजिट नंबर-14 से तीन किलोमीटर तक फैला मलबा

मामला बैलाडीला स्थित डिपॉजिट नंबर-14 का है। यहां खनन के बाद निकला मलबा निर्धारित स्थान से बाहर निकलकर नीचे की ओर खिसकता हुआ सुरक्षित वन क्षेत्र तक पहुंच गया। वन विभाग के अनुसार, मलबे ने तय सीमा पार कर ली है, जो नियमों के उल्लंघन का मामला हो सकता है।

विभागीय जांच में सामने आया बड़ा क्षेत्र प्रभावित

शुरुआत में कंपनी की ओर से मलबे के सीमित दूरी तक फैलने की जानकारी दी गई थी। हालांकि, वन विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर माप किया तो स्थिति इससे कहीं अधिक गंभीर मिली। विभाग के मुताबिक, मलबा करीब तीन किलोमीटर लंबी पट्टी में फैल चुका है और इसकी चौड़ाई भी काफी अधिक है। चिंता की बात यह है कि मलबे का खिसकना अब तक पूरी तरह बंद नहीं हुआ है।

ठेकेदार के जरिए कराया जा रहा था मलबा डालने का काम

जानकारी के अनुसार, NMDC ने मलबा डालने का काम एक बड़ी ठेकेदार कंपनी को सौंपा था। आरोप है कि संबंधित कंपनी ने आगे यह काम किसी छोटे ठेकेदार को दे दिया था। हालांकि, निर्धारित सीमा से बाहर मलबा फैलने के मामले में वास्तविक जिम्मेदारी किसकी है, यह अभी स्पष्ट नहीं हो पाया है।

मलबा स्थिर होने के बाद होगी पेड़ों की गिनती

वन विभाग का कहना है कि जब तक मलबे का खिसकना पूरी तरह बंद नहीं होता, तब तक प्रभावित क्षेत्र में जाकर नुकसान का आकलन करना जोखिम भरा है। मलबा स्थिर होने के बाद वन क्षेत्र में पेड़ों की गिनती कराई जाएगी। इसके आधार पर प्रभावित पेड़ों की संख्या और पर्यावरण को हुए नुकसान का पता लगाया जाएगा।

नुकसान का आकलन होने के बाद दर्ज होगा मामला

विभाग के मुताबिक, पूरे नुकसान का आकलन होने के बाद ही औपचारिक रूप से केस दर्ज करने की प्रक्रिया आगे बढ़ाई जाएगी। फिलहाल प्राथमिकता मलबे को पूरी तरह रोकने और प्रभावित वन क्षेत्र की वास्तविक स्थिति का पता लगाने पर है। इसके बाद जिम्मेदारी तय कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Advertisement
Advertisement

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button