छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट के एडवोकेट जनरल के नाम पर फर्जी वेबसाइट! ऑनलाइन सट्टे और लॉटरी के विज्ञापन मिलने से मचा हड़कंप

बिलासपुर। छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट के एडवोकेट जनरल कार्यालय के नाम से मिलती-जुलती पहचान वाली एक वेबसाइट पर ऑनलाइन सट्टे और लॉटरी के विज्ञापन प्रदर्शित होने का मामला सामने आया है। वेबसाइट का नाम advocategeneralcg.com बताया गया है। मामले को गंभीरता से लेते हुए एडवोकेट जनरल विवेक शर्मा ने इसे फर्जी वेबसाइट करार दिया है। साथ ही इसके खिलाफ एफआईआर दर्ज कराने की बात कही है।

वेबसाइट पर ऑनलाइन जुआ और लॉटरी का प्रचार
जानकारी के मुताबिक, हरिभूमि की पड़ताल में वेबसाइट खोलने पर JARI4D नाम से ऑनलाइन सट्टे और लॉटरी से जुड़े विज्ञापन दिखाई दिए। वेबसाइट के मुख्य पेज पर ऑनलाइन जुआ से संबंधित प्रचार सामग्री प्रदर्शित हो रही थी।
इसमें ‘Togel Macau’ और ‘Toto Macau’ जैसी श्रेणियां भी दिखाई गई हैं। वेबसाइट के नाम और पहचान से ऐसा प्रतीत होता है कि इसका संबंध एडवोकेट जनरल कार्यालय से हो सकता है।
एडवोकेट जनरल ने बताया फर्जी, FIR की तैयारी
मामले की जानकारी सामने आने के बाद एडवोकेट जनरल विवेक शर्मा ने स्पष्ट किया है कि संबंधित वेबसाइट फर्जी है। उन्होंने इसके खिलाफ एफआईआर दर्ज कराने की बात कही है।
इस मामले ने सरकारी और संवैधानिक संस्थाओं के नाम से मिलती-जुलती पहचान बनाकर संचालित की जाने वाली वेबसाइटों की विश्वसनीयता और साइबर सुरक्षा को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं।





