नगर निगम ने अतिक्रमण पर चलाया बुलडोजर, डेंगू नियंत्रण के लिए सफाई अभियान तेज

रायगढ़ । मंगलवार को नगर निगम के अतिक्रमण दल ने पुलिस लाइन क्षेत्र में कार्रवाई करते हुए 12 गुमटी और ठेले हटाए। निगम ने एक सप्ताह पूर्व सार्वजनिक नोटिस जारी कर सड़क किनारे कब्जा कर रखे गए बंद दुकानों को हटाने की चेतावनी दी थी। कार्रवाई के दौरान कई ऐसे दुकानें भी पाई गईं जो वर्षों से बंद थीं और कबाड़ की तरह नजर आ रही थीं।
नगर निगम आयुक्त बृजेश सिंह क्षत्रिय ने बताया कि डेंगू प्रभावित इलाकों में सफाई अभियान लगातार जारी है। गौशाला पारा पुलिस लाइन क्षेत्र में अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई भी इसी कड़ी का हिस्सा है। उन्होंने कहा कि डेंगू को लेकर नगर निगम पूरी तरह सतर्क है, यही वजह है कि इस वर्ष मरीजों की संख्या बेहद कम रही है।
निगम अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि नाला निर्माण में बाधा डालने वाले अतिक्रमणकारियों पर सख्त कार्रवाई होगी। पहले ही सुलभ शौचालय को हटाया जा चुका है और अब सड़क व नाले पर कब्जा करने वालों के खिलाफ अभियान चलाया जा रहा है। सोमवार को संजय कॉम्प्लेक्स में भी व्यापक सफाई अभियान चलाया गया था।
फिलहाल खुली हुई और नियमित साफ-सफाई वाली दुकानों को तोड़फोड़ से बख्शा गया है, लेकिन निगम ने चेतावनी दी है कि भविष्य में किसी भी तरह का अतिक्रमण बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।












