रायपुर गोल बाजार चोरी का खुलासा: 24 घंटे में आरोपी गिरफ्तार, 3.5 लाख नकदी बरामद

रायपुर के गोल बाजार स्थित नरेंद्र बैंगल्स दुकान में हुई चोरी के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 24 घंटे के भीतर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। 31 मार्च और 01 अप्रैल की दरम्यानी रात करीब 11:30 बजे हुई इस घटना में चोरी गई साढ़े तीन लाख रुपये की पूरी रकम बरामद कर ली गई है।
घटना: दुकान से साढ़े तीन लाख की चोरी
प्रार्थी ने थाना गोल बाजार में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि 31 मार्च और 01 अप्रैल की दरम्यानी रात लगभग 11:30 बजे अज्ञात व्यक्ति दुकान में घुसकर काउंटर में रखी करीब 3.5 लाख रुपये की नकदी चोरी कर ले गया। सूचना मिलते ही पुलिस ने तत्काल मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
जांच में खुलासा: स्टाफ ने ही रची थी साजिश
जांच के दौरान पुलिस ने तकनीकी साक्ष्य, सीसीटीवी फुटेज और मुखबिर सूचना के आधार पर संदेहियों की पहचान की। पूछताछ में सामने आया कि दुकान का ही एक कर्मचारी अपने साथी के साथ मिलकर इस चोरी की योजना बनाई थी। आरोपियों ने पहले से दुकान की गतिविधियों और नगदी रखने के स्थान की जानकारी जुटाकर वारदात को अंजाम दिया।
पुलिस की कार्रवाई: 100% मशरूका बरामद
पुलिस टीम ने आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ की, जिसमें उन्होंने अपराध स्वीकार कर लिया। उनके कब्जे से चोरी गई पूरी रकम और अन्य सामग्री बरामद कर ली गई है।
नाबालिग भी शामिल, जुवेनाइल बोर्ड के समक्ष पेश
इस मामले में एक विधि से संघर्षरत बालक की संलिप्तता भी सामने आई है। उसे जुवेनाइल जस्टिस बोर्ड के समक्ष पेश कर न्यायिक अभिरक्षा में भेजा गया है।
पुलिस टीम की अहम भूमिका
इस कार्रवाई को डीसीपी सेंट्रल जोन के निर्देशन में थाना गोल बाजार के निरीक्षक यशवंत सिंह और एसीपी कोतवाली डिवीजन दीपक मिश्रा के नेतृत्व में अंजाम दिया गया।






