Bhupdevpur Police Action : घर चोरी का 24 घंटे में खुलासा, चांदी के जेवर और मोबाइल सहित आरोपी गिरफ्तार

रायगढ़। भूपदेवपुर थाना पुलिस ने घर में हुई चोरी की वारदात का त्वरित खुलासा करते हुए आरोपी सनत कुमार उर्फ नानू साहू (29 वर्ष) को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी गए चांदी के पायल, बिछिया और स्मार्ट मोबाइल सहित करीब 30 हजार रुपये का चोरी का सामान बरामद किया है।
आंगन में मिले पर्स और दस्तावेजों से हुआ खुलासा
ग्राम डोंगाढकेल निवासी घनश्याम साहू ने 4 अगस्त को थाना भूपदेवपुर में चोरी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। शिकायत के अनुसार 3-4 अगस्त की रात वह अपने परिवार के साथ घर में सो रहा था। सुबह करीब 4:30 बजे पड़ोसी ने फोन कर बताया कि उसका पर्स, एटीएम कार्ड, पैन कार्ड और स्कूल बैग घर के बाहर आंगन में पड़े हैं।
बाद में गांव के एक परिचित ने बताया कि उसने गांव के ही सनत कुमार साहू को सामान फेंकते हुए देखा था। घर की जांच करने पर आलमारी से चांदी के पायल, बिछिया और मोबाइल गायब मिले।
पुलिस ने घेराबंदी कर आरोपी को पकड़ा
मामले में थाना भूपदेवपुर में अपराध क्रमांक दर्ज कर धारा 331(4), 305(ए) बीएनएस के तहत जांच शुरू की गई। थाना प्रभारी निरीक्षक रोशन कुमार कौशिक के नेतृत्व में पुलिस टीम ने आरोपी की तलाश शुरू की।
पुलिस के अनुसार आरोपी गिरफ्तारी से बचने के लिए गांव छोड़कर परिचित के यहां छिपा हुआ था, लेकिन मुखबिर सूचना और निगरानी के आधार पर गांव लौटते ही उसे पकड़ लिया गया।
पूछताछ में आरोपी ने कबूली चोरी
पूछताछ में आरोपी ने बताया कि उसने रात करीब 2 बजे घर के मुख्य गेट से प्रवेश कर आलमारी से चांदी के जेवर और मोबाइल चोरी किया था तथा पीछे के दरवाजे से फरार हो गया था।
आरोपी के मेमोरेंडम के आधार पर पुलिस ने चोरी किए गए चांदी के पायल, बिछिया और मोबाइल को बरामद कर लिया।
बुलेट चोरी का मामला भी आया सामने
पूछताछ के दौरान आरोपी ने 4-5 जुलाई की रात थाना चंद्रपुर, जिला सक्ती क्षेत्र के एक मेडिकल स्टोर के सामने से बुलेट क्लासिक-350 चोरी करना भी स्वीकार किया। आरोपी ने बाइक को ग्राम बरक्षगुड़ा के पास मांड नदी किनारे झाड़ियों में छिपाया था, जिसे थाना चंद्रपुर पुलिस पहले ही बरामद कर चुकी है।
आरोपी न्यायिक रिमांड पर भेजा गया
पुलिस ने आरोपी सनत कुमार उर्फ नानू साहू निवासी ग्राम डोंगाढकेल को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।








