छत्तीसगढ़ मौसम अलर्ट : कई जिलों में बाढ़ जैसे हालात, अगले 24 घंटे भारी बारिश की चेतावनी

रायपुर। छत्तीसगढ़ के कई जिलों में लगातार हो रही बारिश से जनजीवन प्रभावित हो गया है। बिलासपुर और जांजगीर-चांपा जिले में भारी बारिश के कारण सड़कों पर पानी भर गया है, वहीं कई कॉलोनियों के घरों में जलभराव की स्थिति बनी हुई है। लगातार बारिश से लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
मौसम विभाग ने जारी किया भारी बारिश का अलर्ट
मौसम विभाग ने राज्य के कई हिस्सों में अगले 24 घंटे के दौरान भारी बारिश की चेतावनी जारी की है। विभाग के अनुसार मध्य छत्तीसगढ़ सहित कई क्षेत्रों में गरज-चमक के साथ बारिश होने की संभावना है। राजधानी रायपुर में भी बिजली चमकने और तेज बारिश का अलर्ट जारी किया गया है।
रायपुर में अधिकतम तापमान 28 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 23 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है। मौसम विभाग ने लोगों से आवश्यक कार्य होने पर ही घर से बाहर निकलने और नदी-नालों के पास जाने से बचने की अपील की है।
बलौदाबाजार में 493.2 मिमी औसत वर्षा दर्ज
बलौदाबाजार जिले में मानसून अवधि के दौरान 1 जून से 22 जुलाई 2026 तक कुल 493.2 मिलीमीटर औसत वर्षा दर्ज की गई है। जिले में अब तक टुण्डरा तहसील में सबसे अधिक 700.5 मिमी बारिश दर्ज की गई है।
इसके अलावा बलौदाबाजार में 626 मिमी, लवन में 508.9 मिमी, भाटापारा में 476.6 मिमी, पलारी में 455.5 मिमी, कसडोल में 449.6 मिमी, सुहेला में 417 मिमी, सिमगा में 404.8 मिमी और सोनाखान में 399.7 मिमी वर्षा दर्ज की गई है।
कवर्धा जिले में भी बारिश का दौर जारी
कवर्धा जिले में 1 जून से 22 जुलाई तक 271.4 मिलीमीटर औसत वर्षा दर्ज की गई है। जिले के पिपरिया तहसील में सबसे अधिक 412.3 मिलीमीटर और कुकदूर में 374.4 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई है।
पिछले 24 घंटे में जिले में औसतन 30.7 मिलीमीटर वर्षा हुई है। कवर्धा तहसील में 55.7 मिमी, पंडरिया में 39.3 मिमी और रेंगाखार में 35 मिमी बारिश दर्ज की गई।
प्रशासन ने सतर्कता बढ़ाई
लगातार बारिश को देखते हुए प्रशासन और आपदा प्रबंधन टीमों को सतर्क रहने के निर्देश दिए गए हैं। लोगों से अपील की गई है कि जलभराव वाले क्षेत्रों, नदी-नालों और तेज बहाव वाले स्थानों से दूरी बनाए रखें तथा किसी भी आपात स्थिति में प्रशासन से संपर्क करें।







