Gold Smuggling : दुरंतो एक्सप्रेस से करीब 2 करोड़ का विदेशी सोना बरामद, दो संदिग्ध हिरासत में

रायपुर। दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के अंतर्गत आरपीएफ क्राइम ब्रांच रायपुर और नागपुर ने डीआरआई नागपुर के साथ संयुक्त कार्रवाई करते हुए हावड़ा-मुंबई दुरंतो एक्सप्रेस से करीब 2 करोड़ रुपये का विदेशी सोना बरामद किया है। कार्रवाई के दौरान दो संदिग्धों को पकड़ा गया। बरामद सोने का कुल वजन करीब 1.242 किलोग्राम है, जिसकी अनुमानित कीमत ₹1 करोड़ 96 लाख 34 हजार 307 बताई गई है।
B-12 कोच में मिले दो संदिग्ध
जानकारी के अनुसार आरपीएफ क्राइम ब्रांच नागपुर के निरीक्षक को विश्वसनीय सूचना मिली थी कि ट्रेन नंबर 12262 हावड़ा-मुंबई दुरंतो एक्सप्रेस में दो व्यक्ति विदेशी सोने की तस्करी कर रहे हैं। सूचना के आधार पर रायपुर और नागपुर आरपीएफ क्राइम ब्रांच की टीम ने डीआरआई नागपुर के अधिकारियों के साथ संयुक्त जांच शुरू की।
टीम ने रायपुर से नागपुर के बीच ट्रेन की सघन तलाशी ली। इस दौरान B-12 कोच में दो संदिग्ध मिले, जिन्हें भंडारा-नागपुर के बीच पकड़ा गया।
सात सोने के बिस्किट और एक छड़ बरामद
तलाशी के दौरान संदिग्धों के कब्जे से 7 सोने के बिस्किट और एक सोने की छड़ बरामद हुई। कुल वजन करीब 1.242 किलोग्राम और अनुमानित कीमत ₹1.96 करोड़ से अधिक आंकी गई है।
DRI नागपुर को सौंपे गए संदिग्ध
कार्रवाई के बाद आरपीएफ ने दोनों संदिग्धों को बरामद विदेशी सोने सहित आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए डीआरआई नागपुर के सुपुर्द कर दिया।
कस्टम एक्ट के तहत मामला दर्ज
डीआरआई नागपुर ने मामले में कस्टम अधिनियम, 1962 की धारा 135 के तहत प्रकरण दर्ज किया है। दोनों संदिग्धों से पूछताछ की जा रही है और मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।
सोना तस्करी के नेटवर्क की जांच
डीआरआई अब यह पता लगाने में जुटी है कि विदेशी सोना कहां से लाया गया था और इसे कहां पहुंचाया जाना था। एजेंसी द्वारा तस्करी से जुड़े अन्य लोगों तथा संभावित नेटवर्क की भी जांच की जा रही है।








