Jal Jeevan Mission Raigarh : जल जीवन मिशन की समीक्षा में कलेक्टर सख्त, 6 ठेकेदारों के अनुबंध निरस्त करने के निर्देश

कार्यों में लापरवाही पर होगी कार्रवाई, हर घर नल से जल योजना समय-सीमा में पूरी करने के निर्देश
रायगढ़। जिले में जल जीवन मिशन के कार्यों की प्रगति और ग्रामीण क्षेत्रों में सुरक्षित पेयजल उपलब्धता सुनिश्चित करने के उद्देश्य से कलेक्टर मयंक चतुर्वेदी की अध्यक्षता में जिला जल एवं स्वच्छता मिशन (DWSM) की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में समूह नल-जल योजनाओं सहित विभिन्न परियोजनाओं की बिंदुवार समीक्षा की गई। कलेक्टर ने सभी लंबित कार्यों को निर्धारित समय-सीमा में गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूरा करने के निर्देश देते हुए स्पष्ट कहा कि किसी भी प्रकार की लापरवाही या देरी बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
6 ठेकेदारों के अनुबंध निरस्त करने के निर्देश
समीक्षा के दौरान पाया गया कि कुछ एजेंसियों ने लंबे समय से कार्य बंद कर रखा है, जिससे परियोजनाएं प्रभावित हो रही हैं। इस पर कलेक्टर ने मेसर्स संतोष कुमार तिवारी, मेसर्स आशीष ट्रेडर्स एंड कंस्ट्रक्शन, मेसर्स माला मोहन बिल्डर्स, मेसर्स महामाया कंस्ट्रक्शन, मेसर्स आदिशक्ति इंटरप्राइजेस और मेसर्स ध्रवा इंटरप्राइजेस के अनुबंध निरस्त करने तथा उनके विरुद्ध नियमानुसार सख्त कानूनी कार्रवाई के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि शासन की महत्वाकांक्षी जल जीवन मिशन योजना के क्रियान्वयन में उदासीनता किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं की जाएगी और हर ग्रामीण परिवार तक नल से शुद्ध पेयजल पहुंचाना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है।
जल जीवन मिशन 2.0 की भी हुई समीक्षा
बैठक में जल जीवन मिशन 2.0 के अंतर्गत स्वीकृत योजनाओं की प्रगति, निर्माण कार्यों की स्थिति, तृतीय पक्ष निरीक्षण, फाइनेंशियल रिकॉन्सिलिएशन तथा SNA स्पर्श पोर्टल पर लंबित प्रविष्टियों की समीक्षा की गई। अधिकारियों को पोर्टल आधारित मॉनिटरिंग और वित्तीय प्रक्रियाएं समय पर पूरी करने के निर्देश दिए गए, ताकि योजनाओं में पारदर्शिता और जवाबदेही बनी रहे।
जियो-मैपिंग और ऑनलाइन मॉनिटरिंग पर जोर
कलेक्टर ने KML फाइल तैयार कर पोर्टल पर अपलोड करने की प्रगति की भी समीक्षा की। उन्होंने निर्देश दिए कि जिले के सभी शेष ग्रामों और योजनाओं का केएमएल कार्य प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र पूरा किया जाए, ताकि योजनाओं की जियो-मैपिंग और ऑनलाइन मॉनिटरिंग प्रभावी ढंग से हो सके।
उन्होंने संबंधित अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ शासन द्वारा निर्धारित मानकों और समय-सीमा का कड़ाई से पालन करने के निर्देश दिए।
अधिकारी रहे उपस्थित
बैठक में जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी अभिजीत बबन पठारे, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग की कार्यपालन अभियंता प्रतिभा नवरतन, विभागीय सहायक अभियंता, उप अभियंता तथा मिशन से जुड़े अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।







