Kharsia News : कोड़तराई की छात्राओं को मिलीं निःशुल्क साइकिलें, शिक्षा और सुरक्षा को मिलेगा नया संबल

गोपाल अग्रवाल बोले— साइकिल वितरण योजना से ग्रामीण बेटियों की शिक्षा को मिलेगी नई उड़ान
रायगढ़/खरसिया। खरसिया विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत शासकीय हायर सेकेंडरी स्कूल, कोड़तराई में शासन की निःशुल्क साइकिल वितरण योजना के तहत छात्राओं को साइकिलें वितरित की गईं। योजना का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्र की बालिकाओं को विद्यालय आने-जाने के लिए सुरक्षित और सुगम परिवहन उपलब्ध कराकर उनकी शिक्षा को प्रोत्साहित करना है।
गोपाल अग्रवाल ने छात्राओं को दी शुभकामनाएं
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में जिला पंचायत सदस्य एवं सहकारिता एवं उद्योग समिति के सभापति गोपाल अग्रवाल शामिल हुए। कार्यक्रम की अध्यक्षता दुर्गा शंकर चौधरी ने की, जबकि उमा शंकर साहू और अतुल शर्मा विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।
गोपाल अग्रवाल ने छात्राओं को उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि साइकिल वितरण योजना ग्रामीण क्षेत्रों की बेटियों के लिए एक महत्वपूर्ण पहल है। उन्होंने कहा कि पहले दूरी और परिवहन की कमी के कारण कई छात्राओं की पढ़ाई प्रभावित होती थी, लेकिन अब साइकिल मिलने से वे नियमित रूप से विद्यालय पहुंच सकेंगी।
उच्च शिक्षा के लिए बेटियों को करें प्रेरित
उन्होंने अभिभावकों से बेटियों को केवल स्कूली शिक्षा तक सीमित न रखकर उच्च शिक्षा के लिए भी प्रेरित करने की अपील की। उन्होंने कहा कि जिला पंचायत और स्थानीय प्रशासन ग्रामीण क्षेत्रों में शिक्षा की गुणवत्ता बढ़ाने और आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए लगातार प्रयास कर रहे हैं।
छात्राओं के चेहरों पर दिखी खुशी
साइकिल मिलने के बाद छात्राओं में उत्साह और खुशी का माहौल देखने को मिला। कार्यक्रम के अंत में विद्यालय के प्राचार्य एवं शाला विकास समिति ने मुख्य अतिथि, जनप्रतिनिधियों, शिक्षकों, प्रशासनिक अधिकारियों और अभिभावकों का आभार व्यक्त किया। समारोह में बड़ी संख्या में छात्राएं, शिक्षक-शिक्षिकाएं और स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।










