Raigarh Ring Road : रायगढ़ रिंग रोड परियोजना को मिली रफ्तार, डीपीआर प्रेजेंटेशन के बाद फोर-लेन निर्माण की उम्मीद बढ़ी

वित्त मंत्री ओपी चौधरी ने की समीक्षा, दशकों पुराना सपना साकार होने की दिशा में बड़ा कदम
रायगढ़। रायगढ़ शहर के बहुप्रतीक्षित फोर-लेन रिंग रोड परियोजना को लेकर बड़ी प्रगति सामने आई है। वित्त मंत्री ओपी चौधरी के रायपुर स्थित निवास पर डीपीआर (डिटेल्ड प्रोजेक्ट रिपोर्ट) तैयार करने वाली कंसल्टेंट टीम ने प्रस्तावित रिंग रोड परियोजना का विस्तृत प्रेजेंटेशन प्रस्तुत किया। बैठक में परियोजना की रूपरेखा, संभावित मार्ग और आगे की कार्ययोजना पर विस्तार से चर्चा की गई। इससे रायगढ़वासियों के दशकों पुराने रिंग रोड के सपने को नई उम्मीद मिली है।
स्थल निरीक्षण के बाद तेज हुई प्रक्रिया
हाल ही में वित्त मंत्री ओपी चौधरी ने रायगढ़ प्रवास के दौरान प्रस्तावित रिंग रोड के संभावित मार्ग का स्वयं निरीक्षण किया था। इसके बाद राजधानी रायपुर में अधिकारियों और कंसल्टेंट टीम के साथ समीक्षा बैठक कर डीपीआर पर चर्चा की गई। अब परियोजना की प्रक्रिया तेज होने से शहर में उत्साह का माहौल है।
जाम और सड़क दुर्घटनाओं से मिलेगी राहत
रायगढ़ में औद्योगिक विकास के साथ भारी वाहनों की संख्या लगातार बढ़ी है। स्टील, पावर और कोयला उद्योगों के कारण शहर के बीच से गुजरने वाले राष्ट्रीय राजमार्ग पर आए दिन जाम और सड़क दुर्घटनाएं होती हैं। प्रस्तावित फोर-लेन रिंग रोड बनने से भारी वाहनों का आवागमन शहर के बाहर से होगा, जिससे ट्रैफिक का दबाव कम होगा और दुर्घटनाओं के साथ प्रदूषण में भी कमी आने की उम्मीद है।
चुनावी वादा अब धरातल पर उतरता दिख रहा
विधानसभा चुनाव के दौरान वित्त मंत्री ओपी चौधरी ने रायगढ़ में रिंग रोड निर्माण का वादा किया था। ढाई वर्ष बाद परियोजना पर डीपीआर स्तर पर तेज़ी से काम शुरू होने से लोगों का भरोसा फिर मजबूत हुआ है। लंबे समय तक यह मांग केवल चुनावी मुद्दा बनी रही, लेकिन अब इसके वास्तविक रूप लेने की संभावना बढ़ गई है।
डीपीआर के बाद शुरू होगी टेंडर प्रक्रिया
वित्त मंत्री ओपी चौधरी ने संकेत दिए हैं कि डीपीआर प्रक्रिया पूरी होने के बाद परियोजना की टेंडर प्रक्रिया आगे बढ़ाई जाएगी। रिंग रोड बनने से शहर की यातायात व्यवस्था बेहतर होगी, औद्योगिक परिवहन को नई गति मिलेगी और रायगढ़ के समग्र विकास को बड़ा आधार मिलेगा।








