Uncategorised

School Inspection Raigarh : डीईओ के औचक निरीक्षण में मिलीं गंभीर खामियां, लापरवाही पर नोटिस के निर्देश

Advertisement
Advertisement
Advertisement

10 शासकीय विद्यालयों का निरीक्षण, शैक्षणिक गुणवत्ता सुधारने और बोर्ड परीक्षा की तैयारी पर दिया विशेष जोर

रायगढ़। नवीन शिक्षा सत्र शुरू होते ही कलेक्टर के निर्देश पर जिले की शैक्षणिक व्यवस्था को अधिक अनुशासित, जवाबदेह और परिणामोन्मुख बनाने के उद्देश्य से जिला शिक्षा अधिकारी श्यामानंद साहू एवं जिला मिशन समन्वयक आलोक स्वर्णकार ने रायगढ़, तमनार और घरघोड़ा विकासखंड के 10 शासकीय विद्यालयों का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान शैक्षणिक गुणवत्ता, विद्यार्थियों के अधिगम स्तर, शिक्षकों की उपस्थिति, कक्षा संचालन, स्वच्छता, अभिलेख संधारण और निर्माण कार्यों की विस्तृत समीक्षा की गई।

बंगुरसिया स्कूल में मिलीं गंभीर कमियां

शासकीय माध्यमिक शाला बंगुरसिया में पाठ्यपुस्तक वितरण, डेली डायरी और शैक्षणिक अभिलेखों में गंभीर अनियमितताएं मिलने पर प्रधान पाठक को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए गए। निरीक्षण के दौरान संबंधित सीएसी भूपेश पांडा अनुपस्थित पाए गए, जिस पर जिला शिक्षा अधिकारी ने नाराजगी जताते हुए जवाबदेही तय करने के निर्देश दिए।

छात्र विपुल गुप्ता ने सुनाए 20 तक के पहाड़े

प्राथमिक शाला बंगुरसिया में डीईओ ने विद्यार्थियों से संवाद करते हुए गिनती और पहाड़ों का परीक्षण किया। कक्षा तीसरी के छात्र विपुल गुप्ता ने 20 तक के पहाड़े धाराप्रवाह सुनाकर सभी को प्रभावित किया। विद्यार्थियों को नियमित अभ्यास और आत्मविश्वास के साथ पढ़ाई करने के लिए प्रेरित किया गया।

निर्माण कार्य और बोर्ड परीक्षा की तैयारी पर जोर

शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय महलोई में प्रत्येक कक्षा का निरीक्षण करने के साथ निर्माणाधीन नए भवन की प्रगति का जायजा लिया गया। संबंधित ठेकेदार को गुणवत्ता के साथ समय-सीमा में निर्माण कार्य पूरा करने के निर्देश दिए गए। शिक्षकों की बैठक लेकर ब्लूप्रिंट आधारित शिक्षण, बोर्ड परीक्षा की तैयारी और प्रभावी स्कूल डेवलपमेंट प्लान तैयार करने के निर्देश भी दिए गए।

कक्षा छोड़ स्टाफ रूम में मिले शिक्षक

शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय देवगढ़ में निरीक्षण के दौरान कुछ शिक्षक कक्षा में पढ़ाने के बजाय स्टाफ रूम में बैठे मिले। इस पर जिला शिक्षा अधिकारी ने कड़ी नाराजगी व्यक्त करते हुए संबंधित शिक्षकों से स्पष्टीकरण लेने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि विद्यालय समय में प्रत्येक शिक्षक का स्थान विद्यार्थियों के बीच कक्षा में होना चाहिए।

पीएम श्री विद्यालयों में दिए गुणवत्ता सुधार के निर्देश

पीएम श्री विद्यालय तमनार और घरघोड़ा में शैक्षणिक गतिविधियों, स्वच्छता, अनुशासन और विद्यालय परिसर का निरीक्षण किया गया। प्राचार्यों को नियमित प्रार्थना सभा, बेहतर शिक्षण वातावरण और विद्यार्थियों की सक्रिय सहभागिता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।

डीईओ ने खुद पढ़ाया अंग्रेजी व्याकरण

शासकीय हाई स्कूल भालूमार में जिला शिक्षा अधिकारी श्यामानंद साहू ने स्वयं विद्यार्थियों को अंग्रेजी व्याकरण पढ़ाया और उन्हें बड़े लक्ष्य निर्धारित कर नियमित अध्ययन करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने सभी शिक्षकों को प्रत्येक विद्यार्थी की सीखने की क्षमता पर व्यक्तिगत ध्यान देने, ब्लूप्रिंट आधारित शिक्षण अपनाने और बोर्ड परीक्षा की तैयारी अभी से शुरू करने के निर्देश दिए।

मोबाइल उपयोग पर सख्ती

निरीक्षण के दौरान स्पष्ट निर्देश दिए गए कि कक्षा संचालन के समय कोई भी शिक्षक मोबाइल फोन का उपयोग नहीं करेगा। शिक्षा की गुणवत्ता में सुधार, नियमित मॉनिटरिंग, प्रभावी कक्षा संचालन और बेहतर सीखने के परिणाम सुनिश्चित करना विभाग की सर्वोच्च प्राथमिकता होगी।

Advertisement
Advertisement

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button