ऑपरेशन प्रहार : लैलूंगा और छाल पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 6.5 टन संदिग्ध कबाड़ व दो वाहन समेत ₹28.48 लाख की संपत्ति जब्त

अवैध कबाड़ परिवहन पर रायगढ़ पुलिस का शिकंजा
रायगढ़। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के निर्देशन में चलाए जा रहे “ऑपरेशन प्रहार” के तहत रायगढ़ पुलिस ने अवैध कबाड़ परिवहन के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। लैलूंगा और छाल थाना पुलिस ने अलग-अलग कार्रवाई करते हुए करीब 6.5 टन संदिग्ध लोहे का कबाड़, एक 14 चक्का ट्रक और एक माजदा वाहन सहित कुल ₹28.48 लाख की संपत्ति जब्त कर वैधानिक कार्रवाई की है।
लैलूंगा में 14 चक्का ट्रक के साथ 4.5 टन कबाड़ जब्त
9 जुलाई 2026 को मुखबिर की सूचना पर लैलूंगा पुलिस ने खम्हार मोड़ के पास नाकेबंदी कर CG-14 MF-0223 नंबर के 14 चक्का ट्रक को रोका। चालक महेन्द्र लहरे (36), निवासी गोढ़ीकला (जशपुर), कबाड़ परिवहन के वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका।
जांच में ट्रक से करीब 4.5 टन लोहे का स्क्रैप बरामद हुआ। पुलिस ने लगभग ₹16.08 लाख मूल्य की संपत्ति जब्त कर बीएनएसएस और बीएनएस की संबंधित धाराओं के तहत कार्रवाई की।
छाल पुलिस ने दूसरे दिन भी की कार्रवाई
इसी दिन छाल थाना पुलिस ने ग्राम बोजिया के पास CG-12 AZ-3191 माजदा वाहन को रोककर जांच की। चालक भूपेन्द्र यादव (36), निवासी ढोढ़ीपारा (कोरबा), भी कबाड़ परिवहन के वैध दस्तावेज नहीं दिखा सका।
वाहन से करीब 2 टन लोहे का कबाड़ बरामद हुआ। पुलिस ने ₹12.40 लाख मूल्य की संपत्ति जब्त कर वैधानिक कार्रवाई की।
ऑपरेशन प्रहार रहेगा जारी
रायगढ़ पुलिस ने बताया कि ऑपरेशन प्रहार के तहत अवैध कबाड़ कारोबार, चोरी की संपत्ति के परिवहन और उससे जुड़े नेटवर्क पर लगातार निगरानी रखी जा रही है। संदिग्ध कबाड़ के स्रोत और स्वामित्व की भी जांच की जा रही है।







