रायगढ़ : धरमखदान में चोरी का 24 घंटे में खुलासा, 6 आरोपी गिरफ्तार; 3 लाख का मशरूका बरामद

ट्रांसफार्मर पार्ट्स, केबल, पानी पंप के पार्ट्स और लोहे के पाइप चोरी का मामला, छाल पुलिस की त्वरित कार्रवाई
रायगढ़। छाल पुलिस ने एसईसीएल धरमखदान में ट्रांसफार्मर के पार्ट्स, केबल, पानी पंप के पार्ट्स और लोहे के पाइप चोरी के मामले का महज 24 घंटे के भीतर खुलासा करते हुए छह आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से करीब 1.20 लाख रुपए का चोरी का सामान और वारदात में प्रयुक्त तीन मोटरसाइकिलें बरामद की हैं। बरामद मशरूका की कुल कीमत करीब 3 लाख रुपए बताई गई है।
एसएसपी के निर्देशन में पुलिस टीम को मिली सफलता
यह कार्रवाई वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के दिशा-निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अनिल सोनी के मार्गदर्शन और एसडीओपी खरसिया सतीश भार्गव के सुपरविजन में की गई। थाना प्रभारी छाल निरीक्षक नासिर खान के नेतृत्व में गठित टीम ने आरोपियों की पतासाजी कर उन्हें गिरफ्तार किया।
धरमखदान में क्षतिग्रस्त किया था ट्रांसफार्मर
प्रार्थी दिलीप कुमार राठिया, सुरक्षा प्रहरी छाल उपक्षेत्र, ने 7 अगस्त को थाना छाल में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। शिकायत के अनुसार 6 अगस्त की रात करीब 8 बजे से 11 बजे के बीच अज्ञात आरोपियों ने धरमखदान में लगे ट्रांसफार्मर के पार्ट्स, ट्रांसफार्मर केबल, पानी पंप के पार्ट्स और लोहे के पाइप चोरी कर लिए थे। चोरी किए गए सामान की कीमत करीब 1.20 लाख रुपए बताई गई थी। आरोपियों ने ट्रांसफार्मर को भी क्षतिग्रस्त कर दिया था।
पुलिस ने रिपोर्ट पर धारा 303(2) बीएनएस के तहत अपराध दर्ज कर जांच शुरू की।
खेदापाली चौक के पास संदिग्धों को पकड़ा
मामले की जांच के दौरान पुलिस टीम को मुखबिर से सूचना मिली कि खेदापाली चौक के पास कुछ संदिग्ध व्यक्ति लोहे के पाइप, ट्रांसफार्मर केबल और अन्य लोहे का सामान बेचने के लिए ग्राहक की तलाश कर रहे हैं।
सूचना के आधार पर पुलिस ने तत्काल घेराबंदी कर छह संदिग्धों को पकड़ लिया। पूछताछ में उन्होंने अपना नाम दीपक पात्रो, शनिचराम अरमु, छतन धनवार, रूपभवन सिंह उइके, टुपाल सिंह मरावी और भारत सिंह मरकाम बताया।
पूछताछ में चोरी करना स्वीकार
पुलिस के अनुसार पूछताछ में आरोपियों ने 6 अगस्त की रात धरमखदान से ट्रांसफार्मर के पार्ट्स, केबल, पानी पंप की बॉडी और लोहे के पाइप चोरी करना स्वीकार किया। आरोपियों ने बताया कि चोरी का सामान आपस में बांट लिया था।
आरोपियों ने चोरी का सामान और घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिलों को चंद्रशेखरपुर (एडू) स्थित धरमखदान डम्पिंग यार्ड के पीछे मॉड नदी के किनारे छिपाकर रखना बताया। आरोपियों के मेमोरेण्डम कथन के आधार पर प्रकरण में धारा 112(2) एवं 3(5) बीएनएस भी जोड़ी गई।
आरोपियों से चोरी का सामान और तीन बाइक बरामद
पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर मौके से चोरी का सामान बरामद कर जब्त किया।
- शनिचराम अरमु के कब्जे से लोहे के पाइप और ट्रांसफार्मर केबल वायर।
- दीपक पात्रो के कब्जे से लोहे के पाइप, ट्रांसफार्मर केबल वायर, घटना में प्रयुक्त स्प्लेंडर मोटरसाइकिल और आरीपत्ती ब्लेड।
- भारत सिंह मरकाम के कब्जे से लोहे के पाइप और घटना में प्रयुक्त बजाज मोटरसाइकिल।
- टुपाल सिंह मरावी के कब्जे से लोहे के पाइप और घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल।
- रूपभवन सिंह उइके के कब्जे से पानी पंप की लोहे की दो बॉडी।
- छतन धनवार के कब्जे से ट्रांसफार्मर के दो एंगल।
3 लाख रुपए का मशरूका बरामद
छाल पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से करीब 1.20 लाख रुपए का चोरी का सामान तथा घटना में प्रयुक्त तीन मोटरसाइकिलें, जिनकी अनुमानित कीमत करीब 1.80 लाख रुपए है, बरामद की हैं। इस तरह पुलिस ने कुल करीब 3 लाख रुपए का मशरूका बरामद किया है।
मामले में पुलिस द्वारा आरोपियों के खिलाफ आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।








