रायगढ़

रायगढ़ में रविवार को दो सड़क हादसे, दो लोगों की मौत; एक महिला गंभीर

Advertisement

कोतरा रोड ओवरब्रिज पर चक्काजाम, ढिमरापुर चौक में स्कूटी फिसलने के बाद ट्रक की चपेट में आई महिला

रायगढ़। जिले में रविवार को हुए दो अलग-अलग सड़क हादसों ने दो परिवारों को गहरे सदमे में डाल दिया। दोनों दुर्घटनाओं में दो लोगों की मौत हो गई, जबकि एक महिला गंभीर रूप से घायल है। हादसों के बाद एक घटना में आक्रोशित ग्रामीणों ने सड़क पर चक्काजाम कर दिया।

भारी वाहन की टक्कर से बुजुर्ग की मौत

पहला हादसा कोतरा रोड थाना क्षेत्र के ओवरब्रिज पर हुआ। जानकारी के मुताबिक 68 वर्षीय रुपचंद नायक अपनी पत्नी रामवती नायक के साथ बाइक से अपने गृह ग्राम कुसमुरा जा रहे थे। इसी दौरान पीछे से आए एक अज्ञात भारी वाहन ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी।

टक्कर इतनी जोरदार थी कि रुपचंद नायक की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं उनकी पत्नी रामवती नायक गंभीर रूप से घायल हो गईं। घायल महिला को इलाज के लिए अपेक्स अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

ग्रामीणों ने किया चक्काजाम

हादसे की जानकारी मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। ग्रामीणों ने कोतरा रोड थाना के पास स्थित ओवरब्रिज पर सड़क जाम कर दिया। सूचना मिलने पर तहसीलदार शिव डनसेना, यातायात डीएसपी उत्तम प्रताप सिंह, सुशांतो बनर्जी सहित प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे और लोगों को समझाने का प्रयास किया।

ग्रामीण मौके पर ही पोस्टमार्टम कराने की मांग कर रहे थे। इस दौरान करीब चार घंटे तक सड़क के दोनों ओर वाहनों की आवाजाही प्रभावित रही।

ढिमरापुर चौक पर स्कूटी फिसली, ट्रक की चपेट में आई महिला

दूसरी दुर्घटना ढिमरापुर चौक के पास हुई। बताया गया कि नंद कुमारी सिंह रक्षाबंधन के अवसर पर बिरकोनी गांव गई थीं। वहां से वह अपने पति राजकुमार सिंह के साथ स्कूटी से वापस लौट रही थीं। इसी दौरान स्कूटी अनियंत्रित होकर सड़क पर फिसल गई और नंद कुमारी सिंह नीचे गिर गईं।

इसी दौरान वहां से गुजर रहे भारी वाहन की चपेट में आने से उनकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना के करीब एक घंटे बाद पुलिस के पहुंचने की जानकारी सामने आई। इसके बाद शव को पिकअप वाहन से पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेजा गया।

एंबुलेंस व्यवस्था को लेकर उठे सवाल

घटना के बाद स्थानीय स्तर पर एंबुलेंस की उपलब्धता को लेकर भी सवाल उठाए गए। आरोप लगाया गया कि शव को अस्पताल पहुंचाने के लिए एंबुलेंस की व्यवस्था नहीं हो सकी और पिकअप वाहन का सहारा लेना पड़ा। हालांकि, इस संबंध में प्रशासन का आधिकारिक पक्ष सामने आना बाकी है।

दोनों सड़क हादसों के बाद संबंधित क्षेत्रों में शोक का माहौल है। पुलिस ने दुर्घटनाओं को लेकर आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है।

Advertisement
Advertisement

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button