छत्तीसगढ़

स्वच्छ सर्वेक्षण 2025-26 में छत्तीसगढ़ को बड़ी उपलब्धि, रायपुर-बिलासपुर और बिल्हा राष्ट्रीय पुरस्कार के लिए चयनित

Advertisement
Advertisement Carousel

11 नवंबर को राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु विज्ञान भवन में करेंगी सम्मानित, मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने नागरिकों, सफाई मित्रों और नगरीय निकायों को दी बधाई

रायपुर। स्वच्छता के क्षेत्र में छत्तीसगढ़ ने एक और महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल की है। स्वच्छ सर्वेक्षण 2025-26 के तहत प्रदेश के तीन शहरों रायपुर, बिलासपुर और बिल्हा का राष्ट्रीय पुरस्कारों के लिए चयन किया गया है। आगामी 11 नवंबर को नई दिल्ली के विज्ञान भवन में आयोजित राष्ट्रीय सम्मान समारोह में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु इन शहरों को पुरस्कृत करेंगी।

इस उपलब्धि को प्रदेश में स्वच्छता व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए किए जा रहे प्रयासों, सफाई मित्रों की मेहनत और नागरिकों की सक्रिय भागीदारी का परिणाम माना जा रहा है।

मुख्यमंत्री साय ने दी बधाई, बताया प्रदेश के लिए गौरव का विषय

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने तीनों शहरों के चयन पर प्रसन्नता जताते हुए वहां के नागरिकों, जनप्रतिनिधियों, नगरीय निकायों के अधिकारियों-कर्मचारियों और सफाई मित्रों को बधाई दी है। उन्होंने कहा कि राष्ट्रपति के हाथों छत्तीसगढ़ के तीन शहरों का सम्मानित होना पूरे प्रदेश के लिए गौरव की बात है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि यह सम्मान उन हजारों सफाई मित्रों के परिश्रम को समर्पित है, जो प्रतिदिन शहरों को स्वच्छ और सुंदर बनाए रखने में जुटे रहते हैं। इसके साथ ही उन जागरूक नागरिकों की सहभागिता का भी सम्मान है, जिन्होंने स्वच्छता को अपनी जिम्मेदारी समझकर अभियान को सफल बनाने में योगदान दिया है।

स्वच्छ भारत अभियान से बढ़ी जनभागीदारी

मुख्यमंत्री साय ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में स्वच्छ भारत अभियान ने देश में स्वच्छता के प्रति नई चेतना पैदा की है। अब स्वच्छता केवल सरकारी कार्यक्रम तक सीमित नहीं है, बल्कि जनभागीदारी से संचालित व्यापक जनआंदोलन बन चुकी है।

उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ सरकार का प्रयास है कि प्रदेश के सभी शहरों में स्वच्छता की बेहतर व्यवस्था हो, नागरिकों को स्वच्छ और स्वस्थ वातावरण मिले तथा सामूहिक जिम्मेदारी की भावना मजबूत हो।

स्वच्छता का उद्देश्य बेहतर जीवन और स्वस्थ समाज का निर्माण

मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार के लिए स्वच्छता केवल किसी प्रतियोगिता या सर्वेक्षण में बेहतर स्थान हासिल करने तक सीमित नहीं है। इसका सीधा संबंध नागरिकों के स्वास्थ्य, सम्मान और जीवन की गुणवत्ता से है। स्वच्छ शहर बेहतर वातावरण उपलब्ध कराने के साथ स्वस्थ समाज के निर्माण का आधार तैयार करते हैं।

उन्होंने कहा कि स्वच्छता की जिम्मेदारी केवल नगरीय निकायों और सफाई कर्मचारियों की नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक की है। घर, मोहल्ले, बाजार और सार्वजनिक स्थानों को स्वच्छ रखने के प्रति लोगों की जागरूकता से ही प्रयास स्थायी और प्रभावी बन सकते हैं।

प्रदेश के सभी शहरों को स्वच्छ बनाने का लक्ष्य

मुख्यमंत्री साय ने कहा कि रायपुर, बिलासपुर और बिल्हा की उपलब्धि से पूरे छत्तीसगढ़ को प्रेरणा मिली है। अब लक्ष्य प्रदेश के प्रत्येक शहर को स्वच्छता के क्षेत्र में विशिष्ट पहचान दिलाना है। बड़े शहरों के साथ छोटे नगरीय निकायों में भी स्वच्छता व्यवस्था को लगातार बेहतर बनाना सरकार की प्राथमिकता है।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के स्वच्छ भारत के संकल्प को आगे बढ़ाते हुए छत्तीसगढ़ को स्वच्छ, सुंदर, स्वस्थ और विकसित राज्य बनाने के लिए सरकार प्रतिबद्धता से काम कर रही है। यह राष्ट्रीय सम्मान स्वच्छता के प्रयासों को और गति देने का अवसर है।

Advertisement
Advertisement

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button